{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Celebration Firing: खुशी का माहौल मातम में बदला, फायरिंग में दिल्ली पुलिस के जवान अमरजीत की गई जान

हांसी के सिंघवा खास गांव में जलवा कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग से दिल्ली पुलिस के जवान की मौत। हरियाणा पुलिस के कर्मी पर आरोप।

 

हांसी : क्षेत्र के गांव सिंघवा खास में लड़का होने की खुशी में आयोजित जलवा कार्यक्रम के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में दिल्ली पुलिस के जवान अमरजीत की मौत हो गई। कार्यक्रम में डीजे बज रहा था और इसी दौरान कथित तौर पर हर्ष फायरिंग की जा रही थी।

फायरिंग के दौरान गोली अमरजीत के पैर में लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फायरिंग करने का आरोप हरियाणा पुलिस में तैनात सुरेंद्र और उसके साथी मनोज पर लगा है ।

जानकारी के अनुसार, गांव सिंघवा खास निवासी अंकित के घर लड़का होने की खुशी में जलवा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान डीजे पर हर्ष फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।  बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान दिल्ली पुलिस में तैनात जवान अमरजीत के पैर में गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे हिसार के निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

दो लोगों पर फायरिंग का आरोप
पुलिस के अनुसार, इस मामले में सुरेंद्र और उसके साथी मनोज पर हर्ष फायरिंग करने के आरोप लगे हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों के पास हथियार थे और कार्यक्रम के दौरान फायरिंग की जा रही थी। थाना प्रभारी के मुताबिक, सुरेंद्र भिवानी सीआईए में तैनात है।

पत्नी के बयान पर मामला दर्ज
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के संबंध में मृतक अमरजीत की पत्नी के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों तथा घटना की परिस्थितियों को लेकर भी जांच की जा रही है। जलवा कार्यक्रम में खुशी के बीच हुई हर्ष फायरिंग ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।