{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा में 4 लाख काटे गए राशन कार्ड धारकों को बड़ी राहत, सीएम के निर्देश पर दोबारा जांच शुरू

हरियाणा में अपात्र घोषित कर निरस्त किए गए करीब 4 लाख राशन कार्डों का दोबारा घर-घर सत्यापन होगा। पात्र पाए जाने पर फिर मिलेगा राशन और खाद्य सुरक्षा का लाभ।

 

चंडीगढ़:  हरियाणा में अपात्र घोषित कर निरस्त किए गए करीब चार लाख राशन कार्डों का दोबारा सत्यापन किया जाएगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निरीक्षक घर-घर जाकर लाभार्थियों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति की जांच करेंगे। सत्यापन में पात्र पाए जाने वाले परिवारों को दोबारा राशन कार्ड और खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभदिया जाएगा।

हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण (पीपीपी) के राज्य समन्वयक डॉ. सतीश खोला ने बताया कि केंद्र सरकार से प्राप्त विभिन्न विभागों के डाटा के आधार पर कई राशन कार्ड धारकों को अपात्र श्रेणी में चिह्नित किया गया था। इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि अपात्र घोषित मामलों को मुख्य रूप से तीन श्रेणियों में रखा था।


पहली श्रेणी में वे परिवार शामिल थे, जिन्होंने पिछले छह माह से राशन नहीं लिया था या जिनके दो अलग-अलग स्थानों से राशन लेने का रिकॉर्ड मिला। दूसरी श्रेणी में ऐसे परिवार थे, जिनके नाम पर हल्के या भारी वाहन दर्ज पाए गए। तीसरी श्रेणी में आयकर विभाग के रिकॉर्ड के आधार पर चिह्नित परिवार शामिल थे, जिन्हें उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अपात्र माना।

डॉ. खोला ने कहा कि कई मामलों में वाहन बेचने के बावजूद रिकॉर्ड अपडेट नहीं हो पाता या विभागीय अभिलेख समय पर संशोधित नहीं होते। ऐसे में सीएम ने शिकायतों के संवेदनशील, त्वरित समाधान के निर्देश दिए हैं।