हरियाणा में ऐतिहासिक बदलाव: पहली बार 7 जिलों की कमान महिला IAS अधिकारियों के पास
हरियाणा के प्रशासनिक इतिहास में पहली बार 7 महिला IAS अधिकारी जिला उपायुक्त (DC) के रूप में तैनात। जानें किन जिलों में है महिला अधिकारियों का सशक्त नेतृत्व।
चंडीगढ़ : हरियाणा से आ रही यह खबर बेहद उत्साहवर्धक और बेहद महत्वपूर्ण है। यहां प्रशासनिक व्यवस्था में एक ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला है। राज्य के गठन के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब एक साथ 7 महिला IAS अधिकारी अलग-अलग जिलों में डिप्टी कमिश्नर (DC) के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही हैं। इसे प्रशासनिक क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।
हाल ही में हरियाणा सरकार द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल में दो और महिला अधिकारियों को जिला उपायुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है। इसके बाद प्रदेश के 23 जिलों में से 7 जिलों की कमान महिला अधिकारियों के हाथों में आ गई है। प्रशासनिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव शासन व्यवस्था में महिलाओं के बढ़ते प्रभाव और सशक्त नेतृत्व का प्रतीक है।
प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि ये बदलाव शासन व्यवस्था में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को दिखाता है। प्रदेश में महिला अधिकारियों की बढ़ती भागीदारी प्रशासनिक क्षेत्र में नई मिसाल पेश कर रही है।
हाल ही में मनदीप कौर को चरखी दादरी और डॉ. वैशाली शर्मा को जींद का डिप्टी कमिश्नर नियुक्त किया है। दोनों अधिकारी प्रशासनिक अनुभव और नेतृत्व क्षमता के लिए जानी जाती हैं। मनदीप कौर का कहना है कि महिला अधिकारियों की मौजूदगी लड़कियों को शिक्षा और करियर में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।
बता दें कि राज्य में यमुनानगर, सोनीपत, कैथल, महेंद्रगढ़-नारनौल समेत कई जिलों में महिला डिप्टी कमिश्नर प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाल रही हैं। इन अधिकारियों ने पहले भी अलग-अलग जिलों में अहम पदों पर काम करते हुए प्रशासनिक अनुभव हासिल किया है।
झज्जर जिला इस मामले में खास बन गया है, क्योंकि यहां प्रशासन और पुलिस दोनों का नेतृत्व महिला अधिकारी कर रही हैं। जिला प्रशासन से लेकर पुलिस और अन्य प्रमुख पदों पर महिलाओं की तैनाती को प्रशासनिक क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव माना जा रहा है।