Shruti Choudhary State Committee News 2026: जींद की तेजाब हमला पीड़िता को करीब 13 लाख की सहायता मंजूर: श्रुति चौधरी की अध्यक्षता में बैठक
चंडीगढ़: हरियाणा में तेजाब हमले से प्रभावित पीड़ितों के उपचार और पुनर्वास को लेकर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य स्तरीय कमेटी की बैठक में उनकी अध्यक्षता में जींद जिले की एक पीड़िता को करीब 13 लाख रुपये की सहायता मंजूर की गई। श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को पीड़िता को दिव्यांग पेंशन दिलाने और प्रदेशभर में तेजाब पीड़ितों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
श्रुति चौधरी द्वारा तेजाब हमले से प्रभावित पीड़ितों की सहायता के लिए गठित राज्य स्तरीय कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की गई। बैठक में जींद जिले की एक पीड़िता के इलाज पर हुए खर्च की प्रतिपूर्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
कमेटी ने पीड़िता के उपचार पर खर्च हुए 11,12,614 रुपये और 85,953 रुपये के मेडिकल बिलों की प्रतिपूर्ति स्वीकृत की। इसके अतिरिक्त, तेजाब पीड़ित राहत एवं पुनर्वास योजना के तहत एक लाख रुपये की अंतरिम राहत राशि देने का निर्णय लिया गया। इस प्रकार पीड़िता को कुल 12,98,567 रुपये की सहायता मंजूर की गई।
🩺 पीड़ितों के उपचार और पुनर्वास पर सरकार का फोकस
श्रुति चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार तेजाब हमले से प्रभावित महिलाओं, बालिकाओं और 18 वर्ष तक के बालकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, आर्थिक सहायता और पुनर्वास का लाभ उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। योजना के तहत पीड़ितों को एक लाख रुपये की अंतरिम राहत तथा 100 प्रतिशत निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाती है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ितों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सहायता उपलब्ध करवाई जाए, ताकि उपचार और पुनर्वास की प्रक्रिया में आर्थिक कठिनाइयां बाधा न बनें।
♿ दिव्यांग पेंशन दिलाने के लिए भी निर्देश
बैठक में श्रुति चौधरी ने जींद की पीड़िता को दिव्यांग पेंशन का लाभ दिलाने के लिए सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग को पत्र लिखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तेजाब हमले से प्रभावित लोगों को उपचार के साथ-साथ दीर्घकालिक आर्थिक और सामाजिक सहयोग भी मिलना चाहिए।
📢 प्रदेशभर में जागरूकता अभियान चलाने पर जोर
मंत्री ने अधिकारियों को तेजाब पीड़ित राहत एवं पुनर्वास योजना के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना की जानकारी प्रत्येक पात्र पीड़ित तक पहुंचनी चाहिए, ताकि कोई भी व्यक्ति जागरूकता के अभाव में सहायता से वंचित न रहे।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव शेखर विद्यार्थी, निदेशक डॉ. प्रियंका सोनी, सामाजिक न्याय विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव मुकुल कुमार, DG डॉ. मनीष बंसल सहित पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।