{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Samvidhan Raksha March Panchkula Updates: 26 नवंबर को पंचकूला में कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, सदन में हंगामे के आसार

संविधान दिवस पर 26 नवंबर को हरियाणा विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र; BJP-कांग्रेस विधायक दल की बैठकों और पंचकूला मार्च पर जानें पूरी खबर।
 

चंडीगढ़: 26 नवंबर यानी संविधान दिवस के मौके पर हरियाणा विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें संविधान से जुड़ी बातों को लेकर खासतौर पर चर्चा होगी और प्रदेश की विकास यात्रा, संवैधानिक मूल्यों और भविष्य के हरियाणा पर चर्चा की जाएगी। इस मौके पर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ओर से इस पर अपनी बात रखी जाएगी। हालांकि उम्मीद यह है कि यह सत्र भले ही संविधान दिवस के मौके पर हो रहा हो, लेकिन इस पर भी सदन के अंदर और बाहर सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच तीखी नोंकझोंक देखने को मिल सकती है। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष ने सभी दलों के विधायकों से सत्र के दौरान दलीय राजनीति से ऊपर उठकर सक्रिय व रचनात्मक भागीदारी की अपील की है।

🏢 भाजपा विधायक दल की होगी बैठक

हरियाणा की सत्ता में आसीन भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक दल की बैठक 25 नवंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में होगी। इस दौरान जहां विधायकों के 2 साल के कार्यकाल को लेकर भी मुख्यमंत्री बातचीत कर सकते हैं, वहीं विधानसभा के एक दिन के विशेष सत्र को लेकर भी विधायकों के साथ मुख्यमंत्री चर्चा कर सकते हैं। जैसा कि कांग्रेस वर्तमान में लगातार सत्ता पक्ष पर संविधान की अनदेखी करने का आरोप लगाती नजर आ रही है, उसको देखते हुए बैठक में विपक्ष की तरफ से उठाए जा रहे मुद्दों पर सदन के अंदर किस तरीके से जवाब देना है, इसको लेकर भी रणनीति तैयार की जाएगी।

📢 कांग्रेस विधायक दल की होगी बैठक

वहीं हरियाणा कांग्रेस की भी चंडीगढ़ में विधायक दल की बैठक हो सकती है। यह बैठक इसलिए भी अहम हो जाती है क्योंकि इसमें न सिर्फ एक दिन के विशेष सत्र को लेकर पार्टी अपनी रणनीति तैयार करेगी, बल्कि 26 नवंबर को पंचकूला में पार्टी की तरफ से आयोजित होने वाली संविधान रक्षा मार्च को लेकर भी रणनीति बनाई जाएगी। इस मार्च में प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, नेता विपक्ष के साथ-साथ तमाम विधायक और पार्टी के अन्य सभी नेता मौजूद रहेंगे। वहीं कांग्रेस पार्टी लगातार वोट चोरी और संवैधानिक संस्थाओं की धज्जियां उड़ाने का आरोप सत्ता पक्ष पर लगाती रही है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी विधानसभा के अंदर और बाहर दोनों जगह सत्ताधारी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी में है। हालांकि कांग्रेस पार्टी दिल्ली में भी कुछ दिनों पहले विधायक दल की बैठक कर चुकी है और अपनी रणनीति बना चुकी है।