Haryana: हरियाणा में CM फ्लाइंग की धर्मकांटों पर रेड, फसलों की तुलाई में गड़बड़ी पर सख्त नजर
Haryana:मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (सीएम फ्लाइंग) ने बुधवार को उकलाना मंडी सहित हिसार जिले के विभिन्न धर्मकांटों पर रेड की। इस रेड का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना ने किया, जिसमें मापतोल विभाग और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने भी सहयोग किया।
सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना और मापतोल विभाग के इंस्पेक्टर जयपाल सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार के सख्त आदेश हैं कि किसानों के साथ कहीं भी हेराफेरी ना होने पाए। किसानों की फसल का सही वजन हो। रेड करके धर्मकांटों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि गेहूं और सरसों की फसल की आवक अनाज मंडी में शुरू हो चुकी है, और इस दौरान किसानों की फसलों का वजन धर्मकांटों पर किया जाता है। यही वजह है कि सीएम फ्लाइंग टीम ने यह जांच अभियान शुरू किया है, ताकि किसानों के फसलों की तुलाई में किसी प्रकार की गड़बड़ी या हेराफेरी न हो।
उन्होंने बताया कि सीएम फ्लाइंग और मापतोल विभाग के अधिकारी जिलेभर में रैंडमली धर्मकांटों पर रेड कर रहे हैं और उनकी गहन जांच की जा रही है। अब तक की जांच में किसी भी धर्मकांटे में तुलाई में कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई है। हालांकि, अगर भविष्य में किसी धर्मकांटे में गड़बड़ी की शिकायत मिलती है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान अधिकारियों ने किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
सीएम फ्लाइंग का यह अभियान यह सुनिश्चित करने के लिए है कि किसानों को उनके उत्पाद की उचित तुलाई मिले और उन्हें किसी प्रकार की धोखाधड़ी का सामना न करना पड़े।
इस मौके प खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी सुभाष चन्द्र, मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
फोटो: उकलाना में धर्मकांटों की जांच करने पहुंची सीएम फ्लाइंग इन्चार्ज सुनैना व मापतोल तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी।