Haryana Fireman Strike: दमकल कर्मियों और सरकार के बीच वार्ता विफल, अब 11 अप्रैल तक बढ़ी हड़ताल
हरियाणा में दमकल कर्मियों और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की बैठक रही बेनतीजा। कर्मचारियों ने हड़ताल 11 अप्रैल तक बढ़ाई। जानें शहीद का दर्जा और भत्ते जैसी प्रमुख मांगें।
भिवानी। हरियाणा में अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत दमकल कर्मियों और सरकार के बीच गतिरोध गहराता जा रहा है। हड़ताल के दूसरे दिन वीरवार को कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के साथ यूनियन पदाधिकारियों की वार्ता बेनतीजा रही। इसके बाद यूनियन ने हड़ताल को 11 अप्रैल तक बढ़ाने का निर्णय लिया।
भिवानी में धरने के दौरान विभिन्न सामाजिक, किसान और कर्मचारी संगठनों ने दमकल कर्मियों का समर्थन किया। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सुमेर सिंह आर्य ने कहा कि कर्मचारी अब झुकने वाले नहीं हैं और यदि सरकार ने समय रहते उनकी मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल सकता है।
हरियाणा अग्निशमन कर्मचारी यूनियन के भिवानी जिला प्रधान अजय श्योराण ने मांगें दोहराते हुए कहा कि फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए कर्मचारियों को शहीद का दर्जा और उनके परिवारों को वित्तीय सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, कच्चे कर्मचारियों को नौकरी सुरक्षा, मासिक जोखिम भत्ता और वर्दी भत्ता, समान वेतन और लंबित वेतन एरियर का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।