{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी में दमकल और सफाई कर्मचारियों का 6 से 8 अगस्त तक हड़ताल का एलान

हरियाणा अग्निशमन विभाग और नगर पालिका कर्मचारी संघ ने मांगें पूरी न होने पर 6 से 8 अगस्त तक हड़ताल का एलान किया है। दमकल और सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के आसार। पढ़ें पूरी खबर।

 

भिवानी। हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन और नगर पालिका कर्मचारी संघ ने मांगें पूरी नहीं होने पर 6 से 8 अगस्त तक हड़ताल का एलान किया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन में बदला जा सकता है।

इससे शहर में दमकल और सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। रविवार को मुख्य दमकल केंद्र भिवानी में दमकल विभाग यूनियन के जिला प्रधान अजय श्योराण की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसका संचालन जिला सचिव नरेंद्र कुमार ने किया। बैठक में कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आंदोलन का निर्णय लिया।

राज्य प्रधान राजेंद्र सिणद और वरिष्ठ उप प्रधान राजीव खत्री ने बताया कि 13 मई 2026 के द्विपक्षीय समझौते में मानी गई मांगों को बिना शर्त लागू करने की मांग को लेकर बैठक की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मांगों से संबंधित पत्र जारी करने में टालमटोल कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि 5 अगस्त तक मांगों के पत्र जारी नहीं हुए तो 6, 7 और 8 अगस्त को हड़ताल की जाएगी।

नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य सचिव पुरुषोत्तम दानव ने कहा कि सभी परिषद, पालिका और निगमों में हड़ताल की जाएगी। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की स्थायी नौकरी और ग्रुप डी में नियुक्ति नहीं होने का मुद्दा उठाया। बैठक में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा जिला प्रधान सुमेर आर्य, सिवानी प्रधान सुशील कुमार, राजेश गुर्जर, लोहारू प्रधान अभिषेक भाटी, नवीन, उमेश राठी, गोविंद बुल्ला, सुमेर सिंह और ईश्वर सिंह मौजूद रहे।