हरियाणा: सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए HPV टीकाकरण में सुस्ती, जानें अपडेट
हरियाणा में HPV टीकाकरण अभियान का लक्ष्य पूरा नहीं, अब तक सिर्फ 19% किशोरियों को लगा टीका। तीन महीने बढ़ी समय-सीमा। जानें आपके जिले का हाल।
चंडीगढ़: किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से शुरू किए गए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की प्रगति राज्य में अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही है। अभियान शुरू होने के तीन महीने बाद भी लक्ष्य का केवल 19 प्रतिशत ही पूरा हो सका है। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की कुल 2.26 लाख किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था लेकिन अब तक केवल 41,899 किशोरियों का ही टीकाकरण किया जा सका है। इसका मतलब है कि अब भी लगभग 1.84 लाख से अधिक किशोरियां सुरक्षा कवच से वंचित हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने अभियान की अवधि को तीन महीने और बढ़ा दिया है ताकि शेष लक्ष्य को पूरा किया जा सके। एनएचएम के निदेशक डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि किशोरियों को दायरे में लाने के प्रयास किए जाएंगे।
करनाल सबसे आगे, जींद सबसे पीछे
करनाल 56 प्रतिशत कवरेज के साथ राज्य में सबसे आगे है, जहां 12,352 लक्षित किशोरियों में से 6,872 को टीका लगाया गया है। कुरुक्षेत्र (46%), कैथल (43 %) और यमुनानगर (42%) का स्थान है। रेवाड़ी, पलवल, पानीपत, महेंद्रगढ़, अंबाला और भिवानी जैसे जिलों में यह आंकड़ा 17 से 20 प्रतिशत के बीच है। फरीदाबाद में मात्र 10 प्रतिशत, नूंह और रोहतक में 9 प्रतिशत, हिसार में 7 प्रतिशत, सिरसा में 6 प्रतिशत और झज्जर में केवल 5 प्रतिशतका टीकाकरण हो सका है। जींद में 10,019 में से केवल 410 को ही टीका लगाया गया है।
धीमी प्रगति के पीछे मुख्य कारण एचपीवी वैक्सीन को लेकर फैली भ्रांतियां, स्कूल से बाहर रहने वाली किशोरियों तक पहुंचने में कठिनाई और शुरुआती चरण में विभागों के बीच समन्वय की कमी रही है। अब स्कूलों, पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों, आशा कार्यकर्ताओं और स्थानीय निकायों सक्रिय भागीदारी के निर्देश दिए गए हैं।