हरियाणा मौसम अपडेट: यमुना-मारकंडा उफान पर, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
हिमाचल में बारिश के कारण हरियाणा की नदियों का जलस्तर बढ़ा। यमुनानगर में सबसे अधिक 70 मिमी बारिश दर्ज। आज पंचकूला-यमुनानगर में भारी बारिश की चेतावनी।
चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून अब मुख्य रूप से उत्तरी जिलों में सक्रिय है. हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण यमुना और मारकंडा नदी का जलस्तर बढ़ गया है. कई बरसाती नाले उफान पर हैं, जिससे मैदानी इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. करनाल और सोनीपत में नदी किनारे जमीन का कटाव शुरू हो गया है और आसपास के खेत पानी में डूब गए हैं.
आज इन जिलों में भारी बारिश की संभावना: मौसम विभाग के अनुसार रविवार को पंचकूला और यमुनानगर में भारी बारिश हो सकती है. अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. वहीं जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है. दूसरी ओर सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.
यमुनानगर में सबसे ज्यादा 70 मिमी बारिश: पिछले 24 घंटों के दौरान हरियाणा के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 70 मिलीमीटर (7 सेंटीमीटर) बारिश यमुनानगर के बिलासपुर में रिकॉर्ड की गई. प्रतापनगर, जगाधरी, छछरौली, सढौरा और चंडीगढ़ में 50-50 मिलीमीटर बारिश हुई. वहीं फिरोजपुर झिरका, पेहोवा और बालसमंद में 40 मिलीमीटर, जबकि कनीना, ताजेवाला और सरस्वती नगर में 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
मारकंडा नदी से कई गांव प्रभावित: कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी का जलस्तर बढ़ने से शाहाबाद क्षेत्र के कठवा, कलसाना, तंगोर और मोहनपुर गांव प्रभावित हुए हैं. शनिवार सुबह नदी में 14,294 क्यूसेक पानी पहुंचने के बाद कठवा गांव की मुख्य सड़क जलमग्न हो गई, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ. स्कूल बसों के टायर तक पानी में डूब गए और आसपास के खेतों में भी पानी भर गया. बाद में जलस्तर घटकर 11,711 क्यूसेक रह गया.
हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया सरप्लस पानी: शनिवार सुबह 10 बजे हथिनी कुंड बैराज पर यमुना नदी का जलप्रवाह 33,079 क्यूसेक दर्ज किया गया. उत्तर प्रदेश की मांग घटने के बाद पश्चिमी यमुना नहर के जरिए हरियाणा और दिल्ली को 12,010 क्यूसेक पानी उपलब्ध कराया गया, जबकि 20,809 क्यूसेक अतिरिक्त पानी यमुना नदी में दिल्ली की ओर छोड़ दिया गया.
तापमान में हल्की बढ़ोतरी: बारिश के बावजूद पिछले 24 घंटों में हरियाणा के अधिकतम तापमान में औसतन 1.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई. सबसे अधिक तापमान सिरसा में 39 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं रोहतक में 37.5, भिवानी में 37, हिसार में 36 और गुरुग्राम में 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. राज्य के न्यूनतम तापमान में भी 0.5 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई. सबसे कम न्यूनतम तापमान महेंद्रगढ़ के नारनौल में 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि सबसे गर्म रात रोहतक में रही, जहां न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सिरसा में 27.6 और अंबाला व भिवानी में 25.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा.