Haryana News: हरियाणा में BJP विधायक और मंत्री के फार्महाउस पर चला बुलडोजर, जाने वजह ?
Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद में अब बीजेपी विधायक और मंत्री के फार्म हाउस को भी बुलडोजर से तोड़ दिया गया है। इसको लेकर सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेश आए थे जिसके बाद आलीशान फार्म हाउसों पर पीला पंजा चला।
इन जगहों पर चलाया गया तोड़फोड़ अभियान
शनिवार को हुए अभियान के दौरान, टीम अनंगपुर क्षेत्र पहुंची और सबसे पहले विधायक मनमोहन भड़ाना के फार्महाउस को निशाना बनाया। फार्महाउस काफी भव्य था। इसे लेकर भारी विरोध भी हुआ। बावजूद इसके, पुलिस की मदद से यह निर्माण तोड़ा गया। इसी के साथ ही एक अन्य मंत्री का फार्महाउस भी गिरा दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग ने अनंगपुर क्षेत्र में बनी आलीशान प्रॉपर्टियों पर बुलडोजर चलाया। फार्महाउस के मालिकों और स्थानीय ग्रामीणों ने दावा किया कि यह जमीन 1980 से पहले से बसी हुई है। इसे फॉरेस्ट एरिया नहीं माना जा सकता। लोगों ने वन विभाग पर रिश्वत लेकर चुनिंदा निर्माणों को बचाने का आरोप भी लगाया।
6 हज़ार से अधिक अवैध निर्माण चिन्हित
वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अरावली क्षेत्र में लगभग 6,000 अवैध निर्माण चिन्हित किए गए हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार, इन सभी को तोड़ने के बाद रिपोर्ट कोर्ट में पेश करनी है। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा।
अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप
जानकारी के मुताबिक, तोड़फोड़ के दौरान स्थानीय लोगों ने गंभीर आरोप लगाए कि वन विभाग के अधिकारी कुछ फार्महाउसों को बचाने के लिए पैसे लेकर एनओसी जारी कर रहे हैं। एक फार्महाउस की 15 बीघा जमीन को फॉरेस्ट क्षेत्र से बाहर दिखाकर बचा लिया गया, जबकि ठीक बगल के अवैध निर्माण तोड़े जा रहे हैं।
इस मुद्दे पर हंगामा बढ़ने के बाद वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल संबंधित एनओसी को रद्द करने के लिए डीसी को पत्र लिखा है। सूत्रों के अनुसार, अब एनओसी जारी करने वाले अधिकारियों की भूमिका की जांच की जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।