57th IFFI Goa Waves Film Bazaar Updates: देश-विदेश के प्रोडक्शन हाउस को दी जा रही शूटिंग परमिशन और प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी
चंडीगढ़: गोवा में आयोजित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (IFFI) के अंतर्गत आयोजित वेव्स फिल्म बाजार में हरियाणा अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और फिल्म निर्माण की संभावनाओं के साथ खास उपस्थिति दर्ज करवा रहा है। राज्य सरकार की ओर से स्थापित पवेलियन के माध्यम से देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं, निर्देशकों, प्रोडक्शन हाउस और फिल्म उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों को हरियाणा की फिल्म नीति, शूटिंग लोकेशन और फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी जा रही है।
🎥 हरियाणा में फिल्म निर्माण के लिए निर्माताओं ने दिखाई दिलचस्पी
वेव्स फिल्म बाजार के पहले दिन फिल्म क्षेत्र से जुड़े कई प्रतिनिधियों ने हरियाणा में फिल्म निर्माण और इससे संबंधित गतिविधियों की संभावनाओं में रुचि दिखाई। पवेलियन में हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत, प्रदेश में उपलब्ध विविध शूटिंग लोकेशन तथा फिल्म निर्माताओं को दी जा रही सुविधाओं और प्रोत्साहनों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है।
📜 केंद्रीय सचिव चंचल कुमार ने ली हरियाणा फिल्म नीति की जानकारी
पहले दिन भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने हरियाणा के पवेलियन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की फिल्म नीति के विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। साथ ही, हरियाणा में फिल्म शूटिंग को बढ़ावा देने, शूटिंग परमिशन की प्रक्रिया को सरल बनाने तथा फिल्म निर्माताओं को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। चंचल कुमार ने हरियाणा सरकार द्वारा फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों और राज्य की फिल्म नीति की सराहना की। उन्होंने प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं तथा इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों में भी रुचि दिखाई।
🌟 राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा बना महत्वपूर्ण मंच
हरियाणा की ओर से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के एडिशनल डायरेक्टर मनीष लोहान, जॉइंट डायरेक्टर नीरज कुमार और APRO विकास मोर उपस्थित रहे। हरियाणा सरकार का पवेलियन फिल्म उद्योग के लिए प्रदेश की संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। इसके माध्यम से फिल्म निर्माताओं को प्रदेश की लोकेशन, नीतियों और सुविधाओं से परिचित करवाते हुए हरियाणा को फिल्म शूटिंग और फिल्म निर्माण के आकर्षक गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।