Smart PDS System Haryana: सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए सरकार सख्त, डिपोधारकों को मिले निर्देश
पंचकूला: हरियाणा में प्रदेश सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में तकनीक, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को विशेष प्राथमिकता देने का दावा कर रही है. इस संबंध में बुधवार को हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के राज्यमंत्री राजेश नागर ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए जल्द ही नए राशन डिपो आवंटित किए जाएंगे. इस दिशा में तेजी से काम जारी है. बता दें कि पंचकूला के पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में कैबिनेट मंत्री नागर ने जिले के राशन डिपोधारकों के साथ बैठक की.
1 से 5 तारीख के बीच आएगा मार्जिन: राज्यमंत्री राजेश नागर ने कहा कि जल्द ही डिपोधारकों को मिलने वाला मार्जिन प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख के बीच सीधे उनके बैंक खातों में जमा करवाया जाएगा, जिससे उन्हें मार्जिन हासिल करने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां राशन डिपोधारकों को सबसे अधिक मार्जिन दिया जाता है.
80 करोड़ लाभार्थियों को मुफ्त राशन: कैबिनेट मंत्री ने कहा कि देश में 80 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को मुफ्त राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है. वहीं, हरियाणा में भी 40 लाख से अधिक लाभार्थियों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रत्येक डिपोधारक को निशुल्क राशन पहुंचाया जाता है. डिपोधारकों से किसी भी प्रकार का परिवहन शुल्क, लोडिंग या अनलोडिंग चार्ज नहीं लिया जाता. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई ट्रांसपोर्टर या ठेकेदार डिपोधारक से किसी भी प्रकार की राशि की मांगता है तो इसकी शिकायत विभाग के दूरभाष नंबर 0172-2741547 और 0172-2790255 पर कर सकते हैं. सूचना पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई किए जाने की बात कही.
पात्र को पूरा राशन उपलब्ध कराएं: राजेश नागर ने कहा कि "सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से लागू करने में राशन डिपोधारकों की मुख्य भूमिका है. जिला पंचकूला में कुल 110 राशन डिपो हैं, प्रत्येक डिपोधारक की जिम्मेदारी है कि वह प्रत्येक राशन कार्डधारक को उसकी पात्रता के अनुसार पूरा राशन उपलब्ध करवाए, ताकि सरकार के गरीब कल्याण के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सके. सरकार द्वारा सभी डिपोधारकों को नई मशीनें और इलेक्ट्रॉनिक कांटे उपलब्ध करवाए जा चुके हैं. इन उपकरणों का सही ढंग से उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि राशन वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बने और लाभार्थियों को कोई परेशानी न हो."
डिपोधारक निर्धारित समय से डिपो खोलें: राजमंत्री नागर ने कहा की "डिपोधारक गर्मियों में सरकारी समय के अनुसार रोजाना सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक, जबकि सर्दियों में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक डिपो खुले रख राशन वितरण सुनिश्चित करें. डिपोधारक यह सुनिश्चित करें कि कार्डधारकों को राशन लेने में कोई असुविधा न हो." उन्होंने डिपोधारकों को अपने-अपने डिपो पर साइन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए, ताकि लाभार्थियों को स्पष्ट रूप से जानकारी मिल सके कि संबंधित स्थान पर राशन उपलब्ध करवाया जाता है. साथ ही डिपो परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अनाज की गुणवत्ता प्रभावित न हो.
डिपोधारकों की समस्याएं और सुझाव सुनें: इस अवसर पर मंत्री राजेश नागर ने राशन डिपोधारकों की समस्याएं एवं सुझाव भी सुने. उन्होंने विभागीय अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के आदेश दिए कि डिपोधारकों को राशन की आपूर्ति वजन करने के बाद ही की जाए, ताकि डिपोधारकों को कार्डधारकों की संख्या के अनुसार सही मात्रा में राशन मिल सके.
एक किलो के पैकेट में चीनी की आपूर्ति: मंत्री ने बताया कि अगले महीने से डिपोधारकों को चीनी की आपूर्ति एक किलोग्राम के पैकेट में की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए भरोसा दिलाया कि यदि किसी भी डिपोधारक को निर्धारित मात्रा से कम राशन की आपूर्ति की जाती है तो संबंधित ठेकेदार या अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
स्मार्ट पीडीएस से वितरण प्रणाली: जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक जतिन मित्तल ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में महत्वपूर्ण सुधार किए जा रहे हैं. स्मार्ट पीडीएस के माध्यम से पूरी वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि नई 5जी-सक्षम ई-पीओएस मशीनों के साथ कनेक्टेड वेइंग सिस्टम को जोड़ा गया है. इससे राशन के वितरण एवं वजन की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और राशन के डायवर्जन की संभावना को काफी हद तक कम किया गया है.