{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana ATS Recruitment 2026: हरियाणा में एंटी टैररिस्ट स्क्वायड का ढांचा तैयार; 575 पदों पर होगी भर्ती, कर्मियों को मिलेगा 30% विशेष भत्ता

हरियाणा सरकार ने ATS के लिए 575 पदों को मंजूरी दी है। गुरुग्राम और पंचकूला में नए ए.टी.एस. थाने खुलेंगे। आईजी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व वाली इस यूनिट में तैनात पुलिसकर्मियों को मूल वेतन पर 30% अतिरिक्त भत्ता मिलेगा। जानें भर्ती और बजट का पूरा ब्योरा।

 

चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने एंटी टैररिस्ट स्क्वायड (ए.टी.एस.) का विभागीय ढांचा तय कर लिया है। कुल 575 पदों पर भर्ती होगी, जिनमें 481 नियमित और 94 संविदा पद शामिल हैं। बजट में ए.टी.एस. के लिए 35 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम और पंचकूला में ए.टी.एस. के 2 थाने खोलने की घोषणा की है।

वित्तीय शक्तियों का प्रयोग पंजाब वित्तीय नियम (हरियाणा पर लागू) के तहत होगा और आई.जी. स्तर का अधिकारी कंट्रोलिंग ऑफिसर रहेगा। ए.टी.एस. मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक (एस.पी.) हैडक्वार्टर कार्यालय प्रमुख होंगे। पुलिस, एफ.एस.एल., अभियोजन और वित्त विभाग से डैपुटेशन पर तैनाती के साथ-साथ संविदा स्टाफ एजेंसियों के माध्यम से नियुक्त किया जाएगा। अहम यह है कि प्रस्तावित आदर्श आतंकवाद विरोधी सेवा संरचना के तहत ए. टी. एस. में तैनात पुलिस अधिकारियों (कांस्टेबल से डी.एस.पी. रैंक तक) के साथ-साथ तोड़फोड़ विरोधी जांच दल और बम निरोधक दल के सदस्यों को मूल वेतन का 30 प्रतिशत विशेष भत्ता के रूप में दिया जाएगा।

आई.जी.पी. स्तर के अफसर करेंगे ए.टी.एस. को लीडः ए. टी. एस. को लीड आई.जी.पी. स्तर का आई.पी.एस. अफसर करेगा। इसके बाद 4 आई.पी.एस. रैंक के अधिकारियों को पुलिस अधीक्षक (एस.पी.) की जिम्मेदारी दी जाएगी। 9 डिप्टी एस.पी. रखे जाएंगे। एक डिप्टी डिस्ट्रिक्ट अटॉनों, 2 असिस्टैंट डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी, असिस्टैंट डायरैक्टर (बैलेस्टिक), 2 सीनियर साइंटिफिक ऑफिसर रखे जाएंगे। इसके अलावा 2 पोस्टें सीनियर साइंटिफिक असिस्टैंट की रखी गई हैं।

साइंटिफिक असिस्टैंट (एक्सप्लोसिव) की एक पोस्ट, लैब असिस्टैंट (एक्सप्लोसिव) की पोस्ट ए.टी.एस. में आवंटित की गई है। वहीं अन्य स्टाफ में सैक्शन ऑफिसर (अकाऊंट) की इसकी एक पोस्ट होगी। एक ऑफिस सुरपरिटेंडेंट और 2  पोस्टें डिप्टी सुपरिटेंडेंट की रखी गई है। अन्य स्टाफ की कैटेगरी में एक पर्सनल असिस्टेंट, 4 असिस्टैंट, 8 क्लर्क और 3 पोस्टें सीनियर स्केल स्टैनोग्राफर की रखी गई हैं। एक्सक्लूसिव क्लर्किल कैडर में 1 इंस्पैक्टर, 1 सब इंस्पैक्टर, 2 असिस्टेंट सब-इंस्पैक्टर, 4 हैड कांस्टेबल, 8 कांस्टेबल, 1 सब-इंस्पैक्टर (अकाऊंट), 1 असिस्टेंट सब-इंस्पैक्टर अकाऊंट, 2 हैड कांस्टेबल अकाऊंट और 4 कांस्टेबल अकाऊंट के पद रखे गए हैं।

आई.जी.पी. करेंगे नेतृत्व, 4 एस.पी. और 9 डी.एस.पी. तैनात

ए.टी.एस. का नेतृत्व आई.जी.पी. रैंक का आईपीएस अधिकारी करेगा। इसके अधीन 4 एस.पी., 9 डिप्टी एस.पी., एक डिप्टी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी, 2 असिस्टैंट डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी, असिस्टेंट डायरैक्टर (बैलेस्टिक), 2 सीनियर साइंटिफिक ऑफिसर, 2 सीनियर साइंटिफिक असिस्टैंट, एक साइंटिफिक असिस्टैंट (एक्सप्लोसिव) और एक लैब असिस्टेंट (एक्सप्लोसिव) तैनात होंगे। प्रशासनिक ढांचे में सैक्शन अफसर (अकाऊंट), ऑफिस सुपरिटेंडेंट, डिप्टी ऑफिस सुपरिटेंडेंट, पर्सनल असिस्टेंट, असिस्टैंट, क्लर्क, स्टैनोग्राफर सहित अलग क्लैरीकल कैडर के पद भी शामिल किए गए हैं।

जनरल ड्यूटी में 17 इंस्पैक्टर और 20 सब-इंस्पैक्टर होंगे तैनात

ए.टी.एस. की जनरल कैटेगरी में 17 इंस्पैक्टर, 20 सब-इंस्पैक्टर, 70 असिस्टैंट सब-इंस्पैक्टर, 120 हैड कांस्टेबल, 186 कांस्टेबल के पदों को शामिल किया गया है। संविदा के 94 पद होंगे। इनमें सिस्टम एडमिनिस्ट्रेटर (सीनियर सिस्टम एनालिस्ट), डिजीटल फॉरेंसिक परीक्षक (सिस्टम विश्लेषक), नैटवर्किंग निगरानी और आक्रामक अवरोधन विशेषज्ञ (सिस्टम विश्लेषक), ए.टी.एस. हॉर्स और ए.टी.एस.पी.एस.एस. के लिए प्रोग्रामर/डाटा विश्लेषक, नक्शानवीस, कुक, ए.टी.एस. पी. एस. जल वाहक, सफाईकर्मी, माली, ए.टी.एस. मुख्यालय, ए.टी. एस. पुलिस स्टेशन, विशेष आप्रेशन इकाइयां, चपरासी के पद शामिल किए गए हैं।