{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Health Department News: प्रदेश के सभी 22 जिलों में मिले लाइसेंस प्राप्त रक्त केंद्र, नई दिल्ली में होगा सम्मानित

हरियाणा लगातार तीसरे वर्ष रक्तदान में देश में प्रथम स्थान पर। वर्ष 2025-26 में एकत्र हुए 5.89 लाख यूनिट रक्त।

 

हरियाणा : हरियाणा लगातार तीसरे वर्ष रक्तदान के क्षेत्र में देश में प्रथम स्थान पर रहा है। वर्ष 2025-26 में प्रदेश में 5.89 लाख यूनिट रक्त एकत्र किया गया और 8,189 रक्तदान शिविर आयोजित हुए। हरियाणा को प्रति दस लाख आबादी पर रक्तदान के सत्यापित आंकड़ों के आधार पर यह उपलब्धि मिली है। केंद्र सरकार एक अक्टूबर को नई दिल्ली के लेडी हाडिर्ंग मेडिकल कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस समारोह में राज्य को सम्मानित करेगी। 

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि प्रदेश में स्वैच्छिक रक्तदान की दर 79 प्रतिशत से बढ़कर अगस्त 2026 तक 92 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के साथ मजबूत रक्त आधान ढांचे, डिजिटल निगरानी और बेहतर चिकित्सकीय सुरक्षा ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 

हरियाणा को 2024 और 2025 में भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिल चुका है। चरखी दादरी में रक्त केन्द्र को लाइसेंस मिलने के बाद अब प्रदेश के सभी 22 जिलों में कम से कम एक सरकारी लाइसेंस प्राप्त रक्त केन्द्र उपलब्ध है। राज्य में इन केन्द्रों की संख्या बढ़कर 163 हो गई है, जिनमें 34 सरकारी और 129 निजी हैं। इनमें 150 केन्द्रों में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन की सुविधा उपलब्ध है।