{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Ashirwad Ka Diya Scheme: राशन कार्ड धारकों को सरकार का तोहफा, राज्य स्तर पर 79 लाख से अधिक दीये किए जाएंगे वितरित

हरियाणा सरकार 17 सितंबर से शुरू करेगी सेवा संकल्प अभियान। गरीब परिवारों को बूथ स्तर पर बांटे जाएंगे 'आशीर्वाद के दीये'।
 

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार आगामी 17 सितंबर को राज्य स्तर पर 'सेवा संकल्प अभियान' चलाने जा रही है। इस अभियान के तहत 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। योजना के अंतर्गत प्रदेश के सभी गरीब और लाभार्थी परिवारों को बूथ स्तर पर दो-दो दीये वितरित किए जाएंगे। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय ने प्रदेश के सभी जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रकों को इस संबंध में दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं।

79 लाख से अधिक दीयों की होगी खरीद
सरकार की इस पहल को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारी की जा रही है। राज्य में वर्तमान में 39.76 लाख राशन कार्ड मौजूद हैं।सभी लाभार्थी परिवारों के लिए कुल 79.52 लाख दीये खरीदे जाएंगे। दीयों की खरीद 1 प्रति दीया की दर से की जाएगी।

सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी अपने स्तर पर दीयों की खरीद सुनिश्चित करेंगे। इन दीयों को राशन डिपो होल्डरों (के माध्यम से लाभार्थियों तक बूथ स्तर पर पहुँचाया जाएगा। वितरण पूरा होने के बाद जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक मुख्यालय को संयुक्त प्रमाण पत्र भेजेंगे, जिसके बाद ही बजट के भुगतान की अंतिम स्वीकृति मिलेगी।