{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा: गन्ना किसानों को अब ₹5000 प्रोत्साहन राशि, कृषि मंत्री का बड़ा एलान

हरियाणा में गन्ना प्रौद्योगिकी मिशन के तहत अब किसानों को ₹5000 प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि मिलेगी। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने नई सब्सिडी और मुफ्त पौध की घोषणा की।

 

चंडीगढ़ : हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा है कि‘गन्ना प्रौद्योगिकी मिशन'के तहत अब चार फुट की दूरी पर चौड़ी कतारों में गन्ना रोपण करने वाले किसानों को पांच हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। पहले यह राशि तीन हजार रुपये प्रति एकड़ थी।

राणा विभागीय बैठक के बाद बताया कि मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के तहत इस योजना को मंजूरी दे दी गयी है। किसानों को इस प्रोत्साहन के लिए 15 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक पोटर्ल पर आवेदन करना होगा। फरवरी 2027 तक सत्यापन के बाद राशि जारी की जाएगी। मंत्री ने बताया कि एकल-आंख विधि से गन्ना बिजाई करने पर भी किसानों को अब पांच हजार रुपये प्रति एकड़ दिये जाएंगे। 

साथ ही प्रदेश की सभी सहकारी चीनी मिलें किसानों को शुगरकेन हार्वेस्टर मशीन उपलब्ध करवाएंगी, ताकि कटाई लागत कम हो सके। उन्होंने कहा कि टिश्यू कल्चर तकनीक से तैयार गन्ने की पौध किसानों को मुफ्त दी जाएगी। यह पौध करनाल सहकारी चीनी मिल में तैयार होगी और किसान अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक इसे प्राप्त कर सकेंगे। श्याम सिंह राणा ने कहा कि सरकार की ये पहल खेती को आधुनिक बनाने, उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में सुधार लाने में मददगार साबित होंगी।