{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा में गेहूं की फसल पर संकट: 20 मार्च को 4 जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट!

हरियाणा में 19-20 मार्च को 50km की रफ्तार से हवाएं, ओलावृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी। अंबाला, कुरुक्षेत्र सहित 4 जिलों में रेड अलर्ट। किसानों की बढ़ी चिंता।

 

चंडीगढ़: हरियाणा में गेहूं की पकी फसल पर संकट मंडरा रहा है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 19-20 मार्च को कई जिलों में 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, ओलावृष्टि और बारिश की संभावना जताई है। 18-19 मार्च को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन 20 मार्च को 4 जिलों अम्बाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र व पंचकूला में भारी बारिश होने के आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट होगी।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट हुई। नूंह में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सबसे ज्यादा रहा। सिरसा में न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम है। रात के तापमान में गिरावट गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद मानी जा रही है, लेकिन 19-20 मार्च को संभावित ओलावृष्टि और तेज हवाएं किसानों की चिंता बढ़ा रही हैं। विभाग ने 22 मार्च से मौसम शुष्क होने की संभावना जताई है।