Haryana Weather : हरियाणा में गर्मी का कहर, 7 अप्रैल से चलेगी लू....12 जिलों में अलर्ट जारी
Haryana Weather : हरियाणा में गर्मी ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से वीरवार दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया। वहीं शाम को करीब साढ़े 5 बजे तेज हवा चलने से मौसम में नमी जरूर बनी, लेकिन तापमान पर कोई खास फर्क नहीं पड़ा।
12 जिलों में लू का यलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अब 7 अप्रैल से लू चलेगी। मौसम विभाग ने 12 जिलों के लिए लू का यलो अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने तीन व चार अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की से मध्यम हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की थी।
आंधी ने पहुंचाया नुकसान
वीरवार को प्रदेश में सुबह से लेकर दोपहर बाद तक गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ाए। 40.5 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ रोहतक प्रदेश में सबसे गर्म रहा। दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और शाम करीब साढ़े पांच बजे 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
कुछ जिलों में धूलभरी आंधी भी चली, हिसार के पुराना कोर्ट कांप्लेक्स क्षेत्र में पेड़ गिर जाने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई।
इन जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विज्ञानियों की मानें तो 7 अप्रैल के बाद सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाडी, महेंद्रगढ़, गुरूग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात जिले में लू चल सकती है। लू चलने के बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज होगी।