Haryana Weather: हरियाणा के इन जिलों में हीटवेव का हाई अलर्ट, इस दिन से होगी बारिश ?
Haryana Weather: हरियाणा में मौसम लगातार बदलता जा रहा है। हरियाणा में गर्मी ने भी अपना कहर ढाना शुरू कर दिया है। लगातार प्रदेश में गर्मी तेजी से बढ़ती जा रही है। हरियाणा का सबसे गरम जिला मंगलवार को सिरसा सबसे पहले नंबर पर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए 6 जिलों सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद और रोहतक में हीटवेव (लू) का हाई अलर्ट जारी किया है। वहीं 12 जिले महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, पलवल, मेवात, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, जींद, कैथल और करनाल में यलो अलर्ट जारी किया है। जबकि 4 जिलों पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला और कुरुक्षेत्र को ग्रीन जोन में रखा है।
बदलेगा मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 9 अप्रैल तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना से विशेषकर दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 9 अप्रैल रात्रि से मौसम में बदलाव संभावित। इससे राज्य में 10 अप्रैल और 11 अप्रैल को ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल और कहीं कहीं हवाओं के साथ छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। जिससे 12 और 13 अप्रैल को दिन के तापमान में हल्की गिरावट की संभावना है।
बरते सावधानी
भिवानी के सीएमओ डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने बताया कि लू से बचने के लिए सबसे मुख्य यही है कि शरीर में पानी की कमी ना होने दें। वहीं गर्मी में बाहर ना निकलें, खासकर दोपहर के समय। क्योंकि लू की चपेट में आने से स्वास्थ्य बिगड़ सकता है।
लू लगने के लक्षण
जीभ सूख जाएगी
बीपी कम होगा
शरीर का तापमान बढ़ जाएगा
गंभीर स्थिति में दौरे हो सकते हैं और बेहोश हो सकते हैं
लू से करें बचाव
शरीर में पानी की कमी ना होने दें। इसके लिए तरल पदार्थ जैसे पानी, लस्सी, शिकंजी, नमक-चीनी का घोल, जूस आदि का सेवन करें।
गर्मी में दोपहर के समय बाहर ना निकलें। ज्यादा जरूरी होने पर सावधानीपूर्वक बाहर जाएं।
बाहर जाते समय शरीर को पकड़े से ढककर रखें।
खाली पेट ना रहें और हल्के रंग के ढीले व सूती कपड़े पहनें।