{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा में कोहरे का कहर: जीरो विजिबिलिटी और कड़ाके की ठंड, 18 ट्रेनें लेट!

हरियाणा में बारिश के बाद कोहरे ने बढ़ाई मुसीबत। सोनीपत-पानीपत में जीरो विजिबिलिटी, अंबाला में पारा 10°C गिरा। धुंध के कारण 18 ट्रेनें प्रभावित। जानें मौसम का हाल।

 

हरियाणा : हरियाणा में दो दिन बारिश के बाद कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। दिल्ली- चंडीगढ़ बेल्ट के सोनीपत, पानीपत जैसे शहरों में जीरो विजिबिलिटी रही। इसके साथ ही हिसार, फतेहाबाद, फरीदाबाद, भिवानी, नूंह, गुरुग्राम में भी जबरदस्त धुंध रही। लगातार बारिश, बादल और ठंडी हवा चलने से सुबह- शाम ठंड बढ़ गई है। वहीं आज धुंध के कारण 18 ट्रेनें लेट हो गई। 

दिन के तापमान में गिरावट जारी

बीते दिन शुक्रवार को हरियाणा में अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। पश्चिमी विक्षोभ से हुई बारिश और घने बादलों के कारण दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया। अंबाला में अधिकतम तापमान 19°C के आसपास दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 10°C कम है। करनाल, हिसार और रोहतक में तापमान 22 से 23°C के बीच रहा।

इस जिले की रात रही सबसे ठंडी

वहीं सोनीपत में सबसे कम रात का न्यूनतम तापमान 14.3°C दर्ज किया गया। करनाल में 15.3°C, हिसार में 15.9°C और गुरुग्राम में 17°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। बारिश और बादलों के कारण रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।