Haryana Weather Update: हरियाणा में भीषण गर्मी से राहत, सुबह से झमाझम बारिश; 15 जिलों में येलो-ऑरेंज अलर्ट, ओलावृष्टि की आशंका
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदला। हिसार, सोनीपत और कैथल समेत कई जिलों में बारिश से तापमान गिरा। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए ओलावृष्टि की चेतावनी दी है।
हरियाणा : हरियाणा में आज सुबह से मौसम (Haryana Weather) सुहावना हो गया। भीषण गर्मी के बीच मौसम के बदलने से लोगों को राहत मिली है। सुबह 4 बजे से ही प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में आंधी चलने लगी। इसके बाद बादलों की गड़गड़ाहट के साथ झमाझम बारिश (Rain in haryana) शुरु हुई। सोनीपत, कैथल, हिसार और महेंद्रगढ़ समेत कई जिलों में हल्की बारिश हुई है। वहीं मौसम विभाग ने आज के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में येलो और ऑरेंज अलर्ट (Yellow-Orange Alert) जारी किया है।
कई जिलों में मौसम खराब
बताया जा रहा है कि सोनीपत में रुक-रुक कर बूंदाबांदी हो रही है। वहीं कैथल के कलायत में सुबह बारिश के बाद अब आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। हिसार में भी बादलों छाए हुए हैं। प्रदेश के अधिकतर जिलों में मौसम खराब है। अगले कुछ घंटों में चरखी दादरी, भिवानी, झज्जर, रोहतक, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, रेवाड़ी और गुरुग्राम सहित लगभग पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
तेज हवा के साथ कई इलाकों में ओलावृष्टि की आशंका
वहीं मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से चेतावनी जारी की है कि आज प्रदेश में तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। इसके बाद 18 से 20 मार्च के बीच बारिश की गतिविधियां और बढ़ने का अनुमान है, जिससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है।