{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा में तूफान और ओलावृष्टि का तांडव: नूंह में 2 छात्रों की मौत, रेड अलर्ट जारी

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय: नूंह में दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत। हिसार, भिवानी और सिरसा में आंधी-बारिश से तबाही। मौसम विभाग का शुक्रवार के लिए रेड अलर्ट।

 
हिसार : पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा में मौसम में बदलाव हो गया। दोपहर से पहले जहां भीषण गर्मी से लोगों का बुरा हाल था वहीं दोपहर को मौसम में आए बदलाव से हरियाणा के कई हिस्सों में तूफान, बारिश और ओलावृष्टि से राहत मिली। नूंह में गुरुवार देर शाम तूफान से टपकान गांव के सीनियर सैकेंडरी स्कूल की दीवार गिरने से 5 छात्र उसके नीचे दब गए जिसमें मोहम्मद अयान की मौत हो गई जबकि 4 बच्चे गंभीर घायल हो गए। इसके अलावा नूंह के चंदेनी गांव में घर की दीवार गिरने से अनशेद (9) नामक छात्र की मौत हो गई।

इसके अलावा प्रदेश में कई जगह तूफान से पेड़ टूट गए। राजस्थान की सीमा से सटे चोपटा क्षेत्र में तेज आंधी ने तबाही मचाई। 15 मिनट तक हुई बारिश ने भयंकर तूफान का रूप ले लिया। तूफान की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि कई मकानों की छतें उड़ गई। सौर ऊर्जा के शीशे टूट गए। कुम्हारिया रोड पर पेड़ उखड़ गए। कई पेड़ बिजली लाइनों पर गिर गए। रामपुरा ढिल्लो के आसपास ओलावृष्टि भी हुई। फतेहाबाद में जांडवाला बांगर में तूफान के चलते एक टावर टूट कर लटक गया। हिसार के घिराये-खरकड़ी मार्ग पर ग्राम पंचायत का स्वागत आंधी के कारण गिरा। कई जगहों पर बिजली के तार टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। भिवानी में तेज हवा के कारण कई लोहे के शैड गिर गए। सिरसा के रानियां में खेतों में बवंडर उठता दिखाई दिया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी तेज हवा, बारिश व ओलावृष्टि को लेकर रैड अलर्ट घोषित किया है।

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फिरोजपुर झिरका, मेवात में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। भिवानी के सिवानी, लोहारू के आसपास सिंधावा ओवरा, चरखी दादरी के झोझू कलां, हिसार के सदलपुर, बालसमंद, रेवाड़ी क्षेत्र के गोकुल गढ़, झज्जर के मातनहेल सहित कई अन्य क्षेत्र में ओलावृष्टि हुई। महेन्द्रगढ़ और अटेली में बारिश व ओलावृष्टि हुई। कुंड पाली के आसपास बारिश-ओलावृष्टि हुई। हरियाणा के कई अन्य हिस्सों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी रहा। इस मौसम प्रणाली का शुक्रवार को भी असर देखने को मिलेगा। बारिश व ओलावृष्टि से भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिली। हरियाणा में 24 घंटे में 7.5 डिग्री सैल्सियस तक दोपहर के तापमान में गिरावट देखने को मिली।