{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Weather Update: हरियाणा में 35°C के पार पहुंचा पारा, सामान्य से 8 डिग्री ज्यादा गर्मी; गेहूं की फसल पर संकट, वैज्ञानिकों ने दी सिंचाई की सलाह

हरियाणा में गर्मी ने समय से पहले तेवर दिखाए हैं। हिसार समेत कई जिलों में तापमान सामान्य से 8°C अधिक दर्ज किया गया है। कृषि वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि यह गर्मी गेहूं की फसल के लिए नुकसानदायक है। जानें फसल को बचाने के लिए वैज्ञानिकों की विशेष सलाह।

 

हिसार : हरियाणा के तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ चंद्रशेखर डागर ने बताया कि आगामी दिनों में तापमान में और अधिक बढ़ोतरी की संभावना है। ऐसा कोई भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं होता दिख रहा जिसका असर मैदानी इलाकों में हो और बारिश की संभावना बने। 

मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि अगले 4 दिनों में 2 से 3 डिग्री तापमान में बढ़ोतरी और होने की संभावना है। अभी पूरे हरियाणा में 31 से 35 डिग्री सेल्सियस तापमान रिपोर्ट हुआ है जो कि सामान्य से 5 से 8 डिग्री अधिक चल रहा है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि यह मौसम गेहूं की फसल के लिए नुकसानदायक है। 

इन दिनों तापमान ही नहीं बढ़ रहा, साथ ही हवा की गति भी बढ़ रही है। इन दोनों के कॉम्बिनेशन से फसल की पानी की आवश्यकता बढ़ जाती है। किसान के लिए थोड़ा सा सोचने का विषय है कि पानी लगाए या ना लगाएं। क्योंकि पानी लगाने से गेहूँ की बालियाँ गिरने की संभावना बनी रहती है। किसानों को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि संभव हो तो रात में सिंचाई करें ताकि फसल के गिरने की संभावना थोड़ी सी कम हो।