{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा मौसम अलर्ट: 15 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, गर्मी से मिलेगी राहत

हरियाणा में मौसम ने ली करवट! IMD ने 15 जिलों में बारिश और 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। पढ़ें कब तक रहेगा राहत का मौसम।

 

चंडीगढ़: हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश के 15 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कई स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और धूलभरी आंधी की भी चेतावनी दी गई है.

पश्चिमी विक्षोभ से मौसम रहेगा सक्रिय: चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार प्रदेश में 23 जून तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा. 18 जून की रात से 20 जून तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और राजस्थान-पंजाब के ऊपर बनने वाले साइक्लोनिक सरकुलेशन के कारण अधिकांश क्षेत्रों में बीच-बीच में तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की बारिश होने की संभावना है. इसके बाद 22 और 23 जून को एक और पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है.

अगले तीन दिन अलग-अलग जिलों में रहेगा असर: मौसम विभाग के अनुसार 19 जून को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी सहित पश्चिमी एवं मध्य हरियाणा के कई जिलों में यलो अलर्ट रहेगा. 20 जून को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी. वहीं 21 जून को उत्तरी हरियाणा के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलेगी.

तापमान में उतार-चढ़ाव जारी: बारिश से पहले मंगलवार की तुलना में प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 3.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. सबसे अधिक तापमान भिवानी में 39.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अंबाला और रोहतक में 39.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. दूसरी ओर हिसार और नारनौल में सामान्य से कम तापमान दर्ज हुआ. न्यूनतम तापमान औसतन सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा. मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में बारिश और तेज हवाओं के कारण रात के तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है, जबकि दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है.