{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Weather: हरियाणा के इन जिलों में आज तेज बारिश की चेतावनी, देखें अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम 

 

Haryana Weather: हरियाणा में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। सुबह से ही कई जिलों में काले बादल छाए हुए है। आइए जानते है आज मौसम का हाल कैसा रहने वाला है। देखें पूरी रिपोर्ट...

मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के भिवानी, महेंद्रगढ़, जींद और चरखी दादरी में सुबह-सुबह बारिश हुई। वहीं, यमुनानगर में बूंदाबांदी हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने 7 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पलवल और मेवात शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, इन जिलों में गरज-चमक व तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, बारिश की संभावना पूरे प्रदेश में बनी हुई है। विभाग ने सभी जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है।

मानसून सक्रिय

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया है कि मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा बीकानेर, ग्वालियर, प्रयागराज, डाल्टागंज, दीघा से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इससे बंगाल की खाड़ी की तरफ से नमी वाली मानसूनी हवाएं राज्य की तरफ लगातार आने की संभावना है।

इसके अलावा उन्होंने बताया कि राजस्थान के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने से हरियाणा में मानसून की सक्रियता 18 जुलाई तक बनी रह सकती है। इस दौरान राज्य का मौसम परिवर्तनशील रहने और ज्यादातर क्षेत्रों में बीच-बीच में हवाओं व गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है। इस दौरान वातावरण में नमी की अधिकता बने रहने का अनुमान है।

अगले 3 दिन का मौसम...

18 जुलाई: 14 जिलों गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, सिरसा, फतेहाबाद, पानीपत और सोनीपत में 25-50 प्रतिशत एरिया में बारिश की संभावना है। वहीं, 8 जिलों हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद, रोहतक, झज्जर महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी के कुछेक एरिया में बारिश हो सकती है।

19 जुलाई: 3 जिलों अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला में 25-50 प्रतिशत एरिया में बारिश की संभावना है। वहीं, 11 जिलों रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और फरीदाबाद के कुछेक एरिया में बारिश होगी।

20 जुलाई: 3 जिलों पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में 25-50 प्रतिशत एरिया में बारिश हो सकती है। जबकि, 7 जिलों फरीदाबाद, पानीपत, रोहतक, सोनीपत, करनाल, कैथल और कुरुक्षेत्र के कुछेक एरिया में बारिश की संभावना है।