{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा गेहूं खरीद: 84 लाख MT आवक, 2022 के रिकॉर्ड के करीब; 23% भुगतान अटका

हरियाणा में 84.16 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक। 2022 के खरीद रिकॉर्ड से मात्र 77 हजार टन दूर। जानें उठान की स्थिति और किसानों के बकाया भुगतान का ताजा अपडेट।

 

चंडीगढ़: हरियाणा की मंडियों में गेहूं की आवक जारी है। अभी तक प्रदेश की मंडियों में 84.16 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है। वर्ष 2022 में 84.93 लाख मीट्रिक टन खरीद के रिकार्ड से 77 हजार मीट्रिक टन ही लक्ष्य दूर है। उठान की बात करें तो 67.85 लाख मीट्रिक टन यानी 86.7 प्रतिशत हो चुका है। अभी तक करीब 23 प्रतिशत भुगतान का इंतजार किसानों को है।

प्रदेश की मंडियों में कुल आवक 84.16 लाख मीट्रिक टन में से 82.55 लाख मीट्रिक टन (98.1 प्रतिशत) की बोली हो चुकी है। खरीद अभी तक 78.28 लाख मीट्रिक टन (94.8 प्रतिशत) हुई है।

मंडियों में आवक के अनुसार, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के अनुसार कुल 16463.09 करोड़ रुपये का भुगताना होना चाहिए मगर अभी तक 12669 करोड़ (77 प्रतिशत) रुपये का भुगतान किया जा चुका है। गेहूं उठान की प्रक्रिया जारी होने के कारण अभी भी 3165.92 करोड़ रुपये (19.2 प्रतिशत) भुगतान अटका हुआ है। लंबित मामलों को मंजूरी मिलने के इंतजार में 627.89 करोड (3.8 प्रतिशत) भुगतान अभी भी अटका हुआ है।