Health Advisory Dr Yatin Gupta News 2026: भिवानी की हवा हुई बेहद खराब: AQI 268 पहुंचा, सांस और हृदय रोगियों के लिए बढ़ा खतरा
भिवानी: शहर की हवा लगातार सेहत बिगाड़ रही है। सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 268 दर्ज किया गया जो स्वस्थ लोगों के लिए भी नुकसानदायक है। प्रदूषित हवा में मौजूद सूक्ष्म कण फेफड़ों पर अतिरिक्त दबाव डाल रहे हैं, जिससे सांस और हृदय रोगियों के साथ बच्चों और बुजुर्गों की परेशानी बढ़ रही है।
सोमवार सुबह से ही शहर के आसमान में धुंध और प्रदूषण की मोटी परत छाई रही। हवा में घुले सूक्ष्म कणों के कारण लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह और शाम के समय स्थिति अधिक खराब रहने से सड़कों पर निकलने वाले राहगीरों और सैर करने वालों को भी दिक्कत हुई। लगातार बिगड़ती आबोहवा का असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है।
🩺 अस्पतालों की OPD में बढ़ रहे सांस और सीने के संक्रमण के मरीज
पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ सामान्य रोग विशेषज्ञ डॉ. यतिन गुप्ता ने बताया कि 250 से अधिक AQI स्वस्थ व्यक्तियों के लिए भी हानिकारक है। दमा, अस्थमा, ब्रोंकाइटिस और हृदय रोगियों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक है। प्रदूषित हवा में सांस लेने से फेफड़ों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे सांस फूलने और अटैक आने का खतरा बढ़ जाता है। अस्पतालों की OPD में पिछले कुछ दिनों से सांस और सीने के संक्रमण के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
😷 प्रदूषण के बीच ऐसे रखें फेफड़ों का ख्याल
विशेषज्ञों और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सुबह और देर शाम अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। बाहर जाना जरूरी हो तो मास्क का इस्तेमाल करें। अस्थमा के मरीज अपना इनहेलर हमेशा साथ रखें और घर की खिड़कियां बंद रखें ताकि प्रदूषित हवा अंदर न आए। वहीं प्रशासन और संबंधित विभागों को धूल नियंत्रण के नियमों का सख्ती से पालन कराने और पानी का छिड़काव बढ़ाने की जरूरत है ताकि प्रदूषण पर अंकुश लगाया जा सके।