Haryana Group D Employees News: उपायुक्त कार्यालय में बिना वर्दी घूमने पर होगी कार्रवाई, 16 सितंबर से नया आदेश लागू
हिसार : हिसार में सरकारी दफ्तरों में अनुशासन और कार्यशैली को बेहतर बनाने के लिए हिसार जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। उपायुक्त कार्यालय में कार्यरत सभी ग्रुप-डी कर्मचारियों के लिए अब ड्यूटी के दौरान निर्धारित यूनिफॉर्म और नेम प्लेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से यह नियम 16 सितंबर से लागू कर दिया गया है। हालांकि पहले दिन कुछ कर्मचारी बिना वर्दी के कार्यालय पहुंचे। ऐसे कर्मचारियों को फिलहाल हिदायत देकर छोड़ दिया गया। वहीं, कुछ कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने आज तक वर्दी सिलवाने की जरूरत महसूस नहीं की थी और अब वे वर्दी तैयार करवाएंगे।
इस संबंध में उपायुक्त कार्यालय की स्थापना शाखा की ओर से आधिकारिक पत्र जारी किया गया है। पत्र में उपायुक्त द्वारा दिए गए मौखिक निर्देशों का धरातल पर सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिना वर्दी या नेम प्लेट के मिले तो होगी विभागीय कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि 16 सितंबर या इसके बाद कोई भी ग्रुप-डी कर्मचारी बिना निर्धारित वर्दी या नेम प्लेट के कार्यालय में ड्यूटी करता पाया गया, तो इसे अनुशासनहीनता माना जाएगा। ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी। वर्दी और नेम प्लेट से कार्यालय में आने वाले लोगों को कर्मचारियों की पहचान करने में आसानी होगी। प्रशासन का मानना है कि यूनिफॉर्म से कर्मचारियों और बाहरी लोगों की पहचान स्पष्ट होगी, जिससे कार्यालय परिसर में अनधिकृत रूप से घूमने वाले लोगों और बिचौलियों पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी।
ड्रेस कोड लागू होने से कर्मचारियों में अनुशासन की भावना बढ़ाने और कार्यालय के माहौल को अधिक पेशेवर बनाने की कोशिश की गई है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में डीसी कार्यालय में इस ड्रेस कोड का पालन किस तरह कराया जाता है और नियम तोड़ने वाले कर्मचारियों पर प्रशासन की कार्रवाई कितनी सख्त रहती है।