{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Immoral Trafficking Racket Busted in Hisar: न्यू मॉडल टाउन के होटलों में चल रहा था देह व्यापार, पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई

हिसार के न्यू मॉडल टाउन स्थित दो होटलों में पुलिस की छापेमारी। 22 युवतियों और 19 युवकों को किया गया रेस्क्यू, दो मैनेजर गिरफ्तार।
 

हिसार: न्यू मॉडल टाउन में पुलिस की टीम ने दो अलग-अलग होटलों पर छापेमारी की. इस कार्रवाई में पुलिस ने दोनों होटल से 22 लड़कियां और 19 लड़के आपत्तिजनक हालत में मिले. पुलिस की टीम ने सभी को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया. इसके बाद आवश्यक पूछताछ एवं नियमानुसार कार्रवाई के बाद छोड़ दिया. पुलिस की टीम ने इस मामले में होटल 999 के मैनेजर कुलदीप और होटल राज के मैनेजर अंकुश को गिरफ्तार किया है.

हिसार के दो होटल पर पुलिस का छापा: गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई से पहले बोगस ग्राहक बनाकर होटल में भेजा. निर्धारित इशारा मिलने पर पुलिस टीम ने होटल 999 में दबिश दी. मौके पर होटल मैनेजर कुलदीप को काबू किया गया. होटल के कमरा नंबर 205 में बोगस ग्राहक के साथ एक महिला मिली. महिला के पास मौजूद मेकअप किट की तलाशी लेने पर आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ, जिसे पुलिस द्वारा नियमानुसार कब्जे में लिया गया.

होटल राज पर कार्रवाई: इसके बाद बोगस ग्राहक द्वारा निर्धारित इशारा मिलने पर पुलिस टीम ने होटल राज में दबिश दी. मौके पर होटल मैनेजर अंकुश को काबू किया गया. होटल के कमरा नंबर 112 में बोगस ग्राहक के साथ एक महिला मिली. पुलिस ने दोनों होटलों से बरामद कुल 1,000 रुपये तथा आपत्तिजनक सामान को नियमानुसार अलग-अलग पैकेट/पुलंदों में सील कर बतौर साक्ष्य कब्जे में लिया है.

दोनों होटल में कराया जा रहा था देह व्यापार: प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों होटल मैनेजरों द्वारा पैसा कमाने के उद्देश्य से होटलों में बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार करवाया जा रहा था. इस संबंध में थाना अर्बन एस्टेट हिसार में Immoral Traffic (Prevention) Act, 1956 की धारा 3(2)(A), 3(2)(B), 4 एवं 5 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है.

एसपी ने दी चेतावनी: पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन ने कहा कि "हिसार पुलिस द्वारा होटल, गेस्ट हाउस अथवा किसी अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान की आड़ में अनैतिक एवं अवैध गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पैसा कमाने के लिए महिलाओं को देह व्यापार में धकेलने अथवा ऐसी गतिविधियों के लिए होटल या अन्य स्थान उपलब्ध करवाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा." एसपी हिसार ने होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने प्रतिष्ठानों में होने वाली गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखें तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें. अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग एवं आवश्यकतानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.