{"vars":{"id": "123258:4912"}}

'1 महीने में सुधार करो नहीं तो SE-XEN सस्पेंड', जनपरिवाद समिति बैठक में मंत्री अरविंद शर्मा की चेतावनी

हिसार में लोकसंपर्क एवं जनपरिवाद समिति की बैठक में मंत्री अरविंद शर्मा ने जनस्वास्थ्य विभाग के अफसरों को फटकार लगाई। 1 माह में पेयजल व सीवरेज व्यवस्था न सुधरने पर एसई व एक्सईएन को सस्पेंड करने की चेतावनी दी।

 

हिसार। सड़क, पानी और सीवरेज संबंधी शिकायतों से खफा सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने वीरवार को अधिकारियों को जमकर फटकारा। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के अफसरों को दो टूक चेतावनी दी कि एक माह में व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो एसई और एक्सईएन को निलंबित कर दिया जाएगा। मंत्री शर्मा लघु सचिवालय में आयोजित लोकसंपर्क एवं जनपरिवाद समिति की बैठक में संंबोधित कर रहे थे।

मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि आपको पीने के लिए गंदा पानी मिले तो क्या करेंगे? जनता को दूषित जल की आपूर्ति करना उनके साथ ज्यादती है। अधिकारियों को कार्यालयों में बैठने के बजाय फील्ड में उतरकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना होगा। मंत्री ने इस दौरान 15 शिकायतें सुनीं जिनमें से 7 का मौके पर ही समाधान किया।

मोहब्बतपुर जलघर के फिल्टरों की जांच के आदेश
मोहब्बतपुर निवासी रमेश बेनीवाल की शिकायत पर मंत्री अरविंद शर्मा ने जलघर के मीडिया फिल्टरों के काम नहीं करने की जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि एसडीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी मामले की जांच कर रिपोर्ट देगी। इसमें जनपरिवाद समिति के सदस्य भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि लोगों को गंदा पानी मिलना और पैसा खर्च करने के बाद भी काम पूरा नहीं होना गंभीर मामला है। इसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। वर्ष 2014 से पहले हुए कार्यों में कई स्थानों पर पेयजल और सीवरेज लाइनों में खामियां सामने आई हैं। उन्होंने एक माह में बेहतर परिणाम देने के निर्देश दिए।

राजदरबार ग्लोबल स्पेस के मालिक को अगली बैठक में बुलाने के निर्देश
प्राइवेट कॉलोनाइजर राजदरबार ग्लोबल स्पेस की आरडब्ल्यूए की ओर से मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाने की शिकायत पर मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगली बैठक में कंपनी के वास्तविक मालिक को बुलाया जाए। उन्होंने कहा कि मैनेजर या निदेशक को बुलाने से समाधान नहीं होगा क्योंकि उनके पास निर्णय लेने का अधिकार नहीं होता। यदि मालिक बैठक में नहीं आता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए।

इन शिकायतों का किया समाधान
- बरवाला निवासी जुगलकिशोर की प्रॉपर्टी दूसरे व्यक्ति के नाम दर्ज किए जाने की शिकायत।
- सैनियान मोहल्ला निवासी बाबूलाल का 50 साल पुराना बिजली कनेक्शन काटे जाने की शिकायत।
- बांडाहेड़ी में पेयजल और जलघर की दुर्दशा की शिकायत।
- सेक्टर-14 निवासी सत्यनारायण गर्ग की गोल्ड सुक प्रोजेक्ट में दुकान नहीं मिलने की शिकायत।
- कृष्णा नगर निवासी सरोज की मुख्य गली की सीवरेज लाइन बंद होने की शिकायत।
- गांव डाबड़ा निवासी संजय की पेयजल पाइपलाइन बिछाने में अनियमितता की शिकायत।
- भोजराज गांव में अस्पताल का मेडिकल कचरा फेंके जाने की शिकायत।


इन मामलों में जांच और समाधान के आदेश
- मिलगेट स्थित टिब्बा दानाशेर निवासी रेखा को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सेक्टर-24 में आवंटित फ्लैट दिलवाने के निर्देश।
- प्रेम सिंह की दि हिसार स्कोलर सहकारी गृह निर्माण सोसायटी, गंगवा में प्लॉट धारक को राशि वापस दिलाने के आदेश।
- मोहब्बतपुर निवासी रमेश बेनीवाल के वाटर वर्क्स में पांच में से केवल एक फिल्टर चालू होने के मामले में जांच कमेटी से रिपोर्ट मांगी।
- आदमपुर निवासी सुरेश कुमार की 12.40 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में एसआईटी जांच पर कार्रवाई के आदेश।
- खरक पुनिया निवासी बीरबल के कीटनाशक दवा प्रभावहीन होने के मामले में मुआवजा दिलाने के निर्देश।
- बांडाहेड़ी जलघर की बदहाल स्थिति और पेयजल समस्या का समाधान कराने के आदेश।
- किनाला निवासी रमेश के राशन नहीं मिलने के मामले में एडीसी को चंडीगढ़ अधिकारियों से रिपोर्ट लेने के निर्देश।
- रघुबीर सिंह की एग्री स्टैक पोर्टल पर फार्मर आईडी बनवाने के मामले में एडीसी को उच्च अधिकारियों से संपर्क कर समाधान कराने के निर्देश।

ग्रीवेंस कमेटी सदस्यों ने उठाए मुद्द
राकेश आर्य ने अर्बन एस्टेट-टू में पीएनजी कनेक्शन जारी नहीं होने की शिकायत रखी। पार्षद राजेश अरोड़ा ने एचएसवीपी की जमीन पर कब्जे की कार्रवाई नहीं होने का मामला उठाया। राजेश अरोड़ा ने कहा, मंत्री जी, हम सरकार से जुड़े हैं फिर भी हमें शर्म आती है। अधिकारी हमारे फोन तक नहीं उठाते। सीवरेज समस्या को लेकर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बार-बार फोन करने के बाद भी कोई मौके पर नहीं आता। उन्होंने कहा कि विभाग की कार्यप्रणाली से सभी पार्षद, मेयर और विधायक परेशान हैं। मेयर प्रवीण पोपली, नलवा विधायक रणधीर पनिहार और हिसार विधायक सावित्री जिंदल ने भी सीवरेज और पेयजल समस्याओं को लेकर सहमति जताई।