{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Hisar National Swimmer Road Accident: हिसार के नेशनल तैराक विश्वजीत नैन की रोहतक सड़क हादसे में मौत

हिसार के नेशनल लेवल स्विमर विश्वजीत नैन की रोहतक में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी।
 

हिसार : हिसार के एक नेशनल लेवल के तैराक की रोहतक में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब वह अपने स्कूटर से सोनीपत जा रहा था। इसी बीच, एक तेज़ रफ़्तार गाड़ी ने उसके स्कूटर को टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक हिसार का रहने वाला था और नेशनल लेवल पर तैराकी प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं। विश्वजीत नैन नेशनल लेवल का स्विमिंग प्लेयर था। उसने तीन बार नेशनल स्विमिंग कॉम्पिटिशन में हिस्सा लिया था।  बहु अकबरपुर थाना इंचार्ज जसबीर ने बताया कि मदीना बाईपास पर सड़क हादसे की सूचना मिली थी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। वे उसे टक्कर मारने वाली गाड़ी और उसके ड्राइवर के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं। पुलिस आस-पास के इलाकों में भी तलाशी ले रही है। CCTV फुटेज की भी जांच की जा सकती है।