{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Extortion and Assault in Hisar: तीन लाख की मंथली मांगने और हमला करने वाले आरोपी गिरफ्तार, बाजार में घुमाया गया

हिसार के पटेल नगर में घर में घुसकर दो भाइयों से मारपीट और तोड़फोड़। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार किए बरामद।
 

हिसार: हिसार जिले के पटेल नगर में घर में घुसकर दो भाइयों से मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के सिर मुंडवाकर उन्हें बाजार में पुलिस ने घुमाया. पुलिस के अनुसार आरोपियों को वारदात के करीब दो घंटे के भीतर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले से जुड़ा सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है.

तीन लाख की मंथली मांगने का आरोप: पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों की ओर से हर महीने तीन लाख रुपये की मंथली मांगी जा रही थी. रुपये देने से इनकार करने के बाद विवाद बढ़ा और आरोपियों ने दोनों भाइयों पर हमला कर दिया. हालांकि, मंथली की मांग के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है.

लाठी-डंडों और हथियारों से हमला: पीड़ितों के अनुसार पांच से सात युवक लाठी-डंडे और तेजधार हथियार लेकर पहुंचे थे. उन्होंने घर के बाहर बैठे सुनील के साथ मारपीट शुरू कर दी. शोर सुनकर उसका भाई सोनू बाहर आया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की. हमले में दोनों भाइयों को चोटें आईं और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया.

घर में घुसकर की तोड़फोड़: मारपीट के बाद आरोपी घर के अंदर घुस गए. शिकायत के मुताबिक उन्होंने घर के दरवाजे और खिड़कियों में तोड़फोड़ की. इसके अलावा गली में खड़ी स्कूटी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की.

सीसीटीवी से हुई आरोपियों की पहचान: इधर, पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली. इसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ गोल्डन, मोहित उर्फ रोज, काकू उर्फ मंगल, मोहित उर्फ भैया और आकाश के रूप में हुई है. सभी आरोपी हिसार के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए हैं.

चौकी प्रभारी ने बताया पूरा मामला: वहीं, मीडिया से बातचीत के दौरान PLA चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अनूप ने बताया कि, "शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों से वारदात में शामिल अन्य लोगों और हथियारों के बारे में पूछताछ की जाएगी."

थाना पुलिस ने दर्ज किया केस: शिकायतकर्ता सुनील पुत्र सूरजभान निवासी पटेल नगर की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है.

पुलिस ने दी सख्त चेतावनी: वहीं, हिसार पुलिस ने साफ किया है कि किसी के घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़, धमकी या सार्वजनिक स्थान पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. थाना प्रभारी करमजीत ने कहा कि, "किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी. शिकायत मिलने पर पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी. गिरफ्तार पांचों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी है. रिमांड के दौरान पुलिस वारदात में शामिल अन्य लोगों और इस्तेमाल किए गए हथियारों के बारे में पूछताछ करेगी. पुलिस की लोगोंसे अपील की है कि किसी भी तरह की धमकी या आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें."