हिसार पुलिस का एक्शन: गांव पिरावली में अवैध शराब भट्ठी का भंडाफोड़
हिसार की SWAT टीम ने पिरावली गांव में अवैध शराब भट्ठी पर छापा मारा। 400 लीटर लाहन नष्ट, आरोपी फरार। पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान की चेतावनी दी।
हिसार: जिले में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हिसार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. SWAT टीम-2 ने गांव पिरावली में चल रही अवैध शराब की भट्ठी पर छापेमारी की. पुलिस ने मौके से अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण और अन्य सामान बरामद कर जब्त कर लिया. हालांकि कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया.
400 लीटर लाहन मौके पर किया गया नष्ट: छापेमारी के दौरान पुलिस को करीब 400 लीटर लाहन बरामद हुआ. नियमों के अनुसार पुलिस ने मौके पर ही पूरे लाहन को नष्ट कर दिया ताकि उसका दोबारा दुरुपयोग न हो सके. इसके अलावा भट्ठी में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरणों और अन्य सामान को भी कब्जे में लेकर जब्त कर लिया गया. पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश: शुरुआती जांच में सामने आया कि अवैध शराब निर्माण में शामिल आरोपी पुलिस की कार्रवाई से पहले ही फरार हो गया. पुलिस ने उसकी पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
एसपी की लोगों से अपील: इस दौरान पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि, "अवैध शराब का निर्माण, बिक्री एवं तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. हिसार पुलिस ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और भविष्य में भी यह अभियान पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा. यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या तस्करी की सूचना मिले तो तुरंत हिसार पुलिस को दें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी. जिले में अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा."