{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Hisar Sanitation Workers Protest: हिसार में सफाई कर्मचारियों और पुलिस के बीच झड़प, कचरा उठाने को लेकर हुआ जमकर हंगामा

हिसार में कचरा उठाने को लेकर पुलिस और हड़ताली सफाई कर्मचारियों के बीच झड़प हो गई। फतेहाबाद में भी कर्मचारियों ने विरोध जताया है।
 

हिसार : हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच कई शहरों में हालात तनावपूर्ण होते जा रहे हैं. हिसार में गुरुवार को सफाई कर्मचारियों और पुलिस के बीच कचरा उठाने को लेकर विवाद हो गया. सातरोड़ में नगर निगम की टीम पुलिस सुरक्षा के बीच कचरा उठाने पहुंची थी. टीम ने जैसे ही सड़क पर पड़ा कचरा हटाना शुरू किया, हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने विरोध शुरू कर दिया.

कचरा उठाने से रोकने पर बढ़ा विवाद: प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने निगम की टीम को कचरा उठाने से रोकने की कोशिश की. पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाकर प्रदर्शन के लिए सड़क से अलग होने को कहा, लेकिन विरोध जारी रहा. इसके बाद पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने का प्रयास किया. इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई और दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई.

पुलिस पर फेंका कचरा: विरोध के दौरान कुछ सफाई कर्मचारियों ने पुलिसकर्मियों की ओर सड़क पर पड़ा कचरा और कूड़े से भरे थैले फेंकने शुरू कर दिए. महिला सफाई कर्मचारी भी पुलिसकर्मियों से उलझती नजर आईं. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने और कुछ लोगों को पुलिस बस में बैठाने का प्रयास किया. घटना के दौरान काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

निगम ने बुलाई इमरजेंसी बैठक: बिगड़ती सफाई व्यवस्था और विरोध के बीच हिसार नगर निगम प्रशासन ने इमरजेंसी बैठक बुलाई. मेयर प्रवीण पोपली और निगम कमिश्नर की मौजूदगी में संस्थाओं, पार्षदों, पार्षद प्रतिनिधियों, RWA और व्यापारी संगठनों के साथ चर्चा की गई.

फतेहाबाद में पार्षद प्रतिनिधि के घर के बाहर फेंका कूड़ा: इधर, फतेहाबाद में भी सफाई कर्मचारियों के विरोध ने अलग रूप ले लिया. सन्यास आश्रम रोड पर दुकानदारों द्वारा देर रात सड़क की सफाई किए जाने को लेकर हड़ताली कर्मचारियों का गुस्सा भड़क गया. कर्मचारियों ने पहले मौके पर नारेबाजी की और इसके बाद वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मनोज नारंग के घर के बाहर पहुंच गए.

कूड़ा उठाने को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी: सफाई कर्मचारियों ने पार्षद प्रतिनिधि के घर के बाहर कूड़ा भी डाल दिया. कर्मचारियों का आरोप था कि वे कूड़ा प्वाइंट से कचरा उठाने का काम कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान पार्षद प्रतिनिधि से जुड़े लोगों द्वारा वहां से कूड़ा उठाया जा रहा था. इसी बात को लेकर विवाद की स्थिति बनी और कर्मचारियों ने विरोध जताया.