{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी सेक्टर-13 में HSVP का बुलडोजर; हाईकोर्ट के आदेश पर 200+ अवैध निर्माण ध्वस्त

भिवानी सेक्टर-13 में HSVP की बड़ी कार्रवाई। हाईकोर्ट के निर्देश पर 200 से अधिक मकानों के बाहर बने अवैध रैंप, शेड और ग्रीन बेल्ट पर चला बुलडोजर। जानें अगला शेड्यूल।

 

भिवानी। हाईकोर्ट के आदेश पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने मंगलवार को सेक्टर-13 में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए बुलडोजर कार्रवाई की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में करीब 200 से अधिक मकानों के आगे बनी ग्रीन बेल्ट, रैंप, पार्किंग शेड और अन्य अवैध निर्माणों को हटाया गया। वहीं 22 मई के बाद सेक्टर-23 में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

हाईकोर्ट ने एचएसवीपी को सेक्टर-13 और सेक्टर-23 में अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके तहत विभाग ने करीब दो महीने पहले अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी किए थे। रविवार को भी मुनादी कराकर लोगों को स्वयं कब्जे हटाने की चेतावनी दी गई थी लेकिन किसी ने अतिक्रमण नहीं हटाया। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब नौ बजे एचएसवीपी के कनिष्ठ अभियंता मनोज की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी।

इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया। लोगों का कहना था कि पहले उनके पड़ोसियों के अतिक्रमण हटाए जाएं लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि किसी को भी नहीं छोड़ा जाएगा। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते विरोध ज्यादा देर तक नहीं चला और बुलडोजर लगातार चलता रहा। टीम ने मकानों के आगे बनाई गई लोहे की जालियां, पार्किंग शेड, रैंप और सड़कों पर किए गए कब्जों को हटाया। इसके साथ ही मलबा हटाकर सड़कों को चौड़ा करने का कार्य भी किया गया।

यह कार्रवाई पूरी तरह हाईकोर्ट के आदेश पर की जा रही है। इसमें किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। 18 से 22 मई तक सेक्टर-13 में अभियान चलेगा इसके बाद सेक्टर-23 में भी इसी तरह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।