HTET Exam: रोहतक में परीक्षा शांतिपूर्ण, प्रश्न पुस्तिका की नंबरिंग पर सवाल
रोहतक में HTET लेवल-2 परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न। अभ्यर्थियों ने प्रश्न पुस्तिका की नंबरिंग में गड़बड़ी का किया दावा। जानें परीक्षा का पूरा अपडेट और प्रशासन का रुख।
रोहतक: हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) के दूसरे दिन लेवल-2 परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. हालांकि परीक्षा के बाद कुछ अभ्यर्थियों ने प्रश्न पुस्तिका की नंबरिंग को लेकर सवाल उठाए. परीक्षार्थियों का कहना है कि पेपर में प्रश्नों की नंबरिंग सही नहीं थी, जिसके कारण उन्हें उत्तर अनुमान के आधार पर भरने पड़े. वहीं कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा को आसान बताया.
प्रश्न पुस्तिका की नंबरिंग में गड़बड़ी? परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले कुछ अभ्यर्थियों ने प्रश्न पुस्तिका की नंबरिंग में गड़बड़ी होने का दावा किया. उनका कहना था कि प्रश्नों के क्रमांक सही नहीं होने से भ्रम की स्थिति बनी और कई उत्तर अनुमान के आधार पर भरने पड़े. अभ्यर्थियों ने परीक्षा प्रबंधन से इस मामले की जांच कर उचित निर्णय लेने की मांग की.
अभ्यर्थियों की मिली जुली प्रतिक्रिया: हालांकि बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने पेपर को अपेक्षाकृत आसान बताया. उनका कहना था कि अधिकांश प्रश्न निर्धारित पाठ्यक्रम से थे और अच्छी तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा ज्यादा कठिन नहीं रही. वहीं जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई. किसी भी केंद्र से कानून व्यवस्था भंग होने या किसी बड़ी अनियमितता की सूचना नहीं मिली. अब अभ्यर्थियों की नजर परीक्षा परिणाम और बोर्ड के अगले निर्णय पर टिकी हुई है.
27 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हुई परीक्षा: रोहतक जिले में HTET लेवल-2 की परीक्षाओं के लिए कुल 10,782 अभ्यर्थी पंजीकृत थे. परीक्षा के लिए जिले में 27 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. सुरक्षा और परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए 32 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तथा 6 उड़नदस्तों की तैनाती की गई थी. सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही और प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई.