{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन: जींद-सोनीपत रूट पर ऐतिहासिक शुरुआत

जींद से सोनीपत तक चली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन। पानीपत में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने साइकिल चलाकर पर्यावरण का दिया संदेश। जानिए इस ऐतिहासिक उपलब्धि को।

 

पानीपत: देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के जींद से शुभारंभ के ऐतिहासिक अवसर पर पानीपत में आयोजित लाइव प्रसारण कार्यक्रम में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने साइकिल से पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. उनके साथ समालखा के विधायक मनमोहन भड़ाना भी साइकिल से कार्यक्रम स्थल पहुंचे. इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दो लाभार्थियों को उनके नए घरों की प्रतीकात्मक चाबियां भी सौंपी गईं. कार्यक्रम में पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.

साइकिल से पहुंचकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश: कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और विधायक मनमोहन भड़ाना के साइकिल से पहुंचने के साथ हुई. दोनों नेताओं ने पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने का संदेश दिया. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को घरों की प्रतीकात्मक चाबियां सौंपकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी लोगों तक पहुंचाया गया.

"17 जुलाई देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा": अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि, "17 जुलाई 2026 का दिन देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया है. जिस तरह मुंबई से ठाणे तक चली पहली रेलगाड़ी का इतिहास पढ़ाया जाता है, उसी तरह अब जींद से सोनीपत तक चली भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का इतिहास भी आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी. यह उपलब्धि भारत के आधुनिक और आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में बड़ा कदम है."

"विकसित भारत-2047 के विजन पर तेजी से बढ़ रहा देश": महिपाल ढांडा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि, "भारत विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है. वर्ष 2030, 2035, 2040 और 2047 तक के लिए चरणबद्ध विकास का स्पष्ट विजन तैयार किया गया है. इसी सोच के तहत आधुनिक परिवहन, हरित ऊर्जा, अनुसंधान, नवाचार और विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास किया जा रहा है."

"PM हर योजना को गहराई से समझकर लागू करते हैं": शिक्षा मंत्री ने आगे कहा कि, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूरदर्शी नेतृत्व वाले नेता हैं. वे किसी भी योजना को पहले पूरी गहराई से समझते हैं और फिर उसे पूरी ताकत के साथ धरातल पर उतारते हैं. केंद्र और राज्य सरकार की पूरी टीम प्रधानमंत्री के विजन को साकार करने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है और इसका लाभ देश के हर वर्ग तक पहुंच रहा है."

खेल नीति और खिलाड़ियों पर भी रखा जोर: शिक्षा मंत्री ने खेलों को लेकर कहा कि, "हरियाणा सरकार ने खेल नर्सरियों का व्यापक विस्तार किया है और स्कूल स्तर से ही खिलाड़ियों को तैयार करने की मजबूत व्यवस्था बनाई है. नई खेल नीति खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध करा रही है. आने वाले ओलंपिक खेलों में भारत पहले से अधिक स्वर्ण पदक जीतकर दुनिया में नई पहचान बनाएगा."

"हर खेल को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर": महिपाल ढांडा ने कहा कि, "जिन खेलों को पहले अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्याप्त पहचान नहीं मिलती थी, उन्हें भी आगे बढ़ाने के लिए सरकार गंभीर प्रयास कर रही है. गांवों और शहरों के स्टेडियमों में खिलाड़ी पूरी मेहनत से अभ्यास कर रहे हैं और उनका लक्ष्य देश के लिए पदक जीतना है. हरियाणा सरकार खेल संस्कृति को मजबूत बनाने और युवाओं को बेहतर भविष्य देने के लिए लगातार कार्य कर रही है."