{"vars":{"id": "123258:4912"}}

India's First Hydrogen Train: हरियाणा में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का सफल ट्रायल

भारतीय रेलवे का बड़ा कदम! सोनीपत-जींद रूट पर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का सफल ट्रायल। 85 kmph की रफ्तार, जीरो कार्बन उत्सर्जन और जींद में बना विशेष ग्रीन प्लांट।

 
सोनीपत : भारतीय रेलवे ने पर्यावरण अनुकूल तकनीक की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का सफल ट्रायल हरियाणा के सोनीपत-गोहाना-जींद रूट पर पूरा किया है। ट्रायल दौरान ट्रेन ने करीब 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल की। रेलवे अब इस परीक्षण से मिले डाटा का विश्लेषण कर आगे के ट्रायल करेगा ताकि सभी तकनीकी व सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित किया जा सके।

यह आधुनिक ट्रेन चेन्नई में तैयार की गई है और शुरूआती चरण में इसमें कुल 10 कोच होंगे जिनमें 8 कोच यात्रियों के लिए निर्धारित हैं। प्रत्येक कोच में करीब 100 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी। ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 105 कि.मी. प्रति घंटा और एक दिन में लगभग 360 कि.मी. तक चलने की क्षमता बताई गई है। हाइड्रोजन ट्रेन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह बिना धुआं छोड़े चलेगी जिससे कार्बन उत्सर्जन नहीं होगा। इसी कारण इसे जीरो कार्बन इमिशन ट्रेन माना जा रहा है।

जींद में इसके लिए विशेष ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट स्थापित किया गया है जहां इलैक्ट्रोलिसिस प्रक्रिया से ईंधन तैयार किया जाएगा। मेक इन इंडिया के तहत विकसित यह परियोजना भारतीय रेलवे के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है और भविष्य में स्वच्छ व सतत परिवहन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।