{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Abhay Chautala Nuh Rally News: मेवात में इनेलो के शक्ति प्रदर्शन पर बोले अभय चौटाला, कहा- बीजेपी ने हमेशा किसानों के साथ किया भेदभाव

नूंह में अभय चौटाला ने इनेलो के सम्मान दिवस समारोह में हुड्डा और बीजेपी पर साधा निशाना। देवीलाल की 113वीं जयंती पर बड़ा आयोजन।
 

नूंह : नूंह के गांव चंदेनी में रविवार को चौधरी देवीलाल की 113वीं जयंती के मौके पर इनेलो ने सम्मान दिवस समारोह आयोजित किया. चंदेनी और सलंबा के बीच करीब 75 एकड़ क्षेत्र में हुए कार्यक्रम में हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों से कार्यकर्ता पहुंचे. बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया.

मेवात में पुराने जनाधार का प्रदर्शन: लंबे समय बाद मेवात में इनेलो के बड़े आयोजन ने पार्टी के स्थानीय संगठन को फिर से सक्रिय नजर आने का मौका दिया. रैली में पुरुषों के साथ महिलाओं की भी भागीदारी रही. कई महिलाएं पार्टी के झंडे और पटके के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं.

अभय चौटाला ने हुड्डा को घेरा: इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने मंच से कांग्रेस और भाजपा दोनों पर निशाना साधा. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भाजपा की बी-टीम बताते हुए आरोप लगाया कि, "हुड्डा ने 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को फायदा पहुंचाने का काम किया.” उन्होंने राज्यसभा चुनावों में कथित क्रॉस वोटिंग का मुद्दा भी उठाया.

भाजपा पर किसान विरोधी होने का आरोप: अभय चौटाला ने भाजपा सरकार की नीतियों को किसानों के हितों के खिलाफ बताया. उन्होंने कहा कि, “भाजपा की नीतियों का फायदा बड़े उद्योगपतियों को मिल रहा है, जबकि किसान लगातार परेशान हो रहा है.”

देवीलाल के मेवात से रिश्ते का जिक्र: चौटाला ने कहा कि, "चौधरी देवीलाल ने हमेशा किसानों, मजदूरों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज उठाई. क्षेत्र के लोगों को राजनीतिक रूप से बांटने की कोशिशें होती रही हैं. इनेलो हमेशा नफरत और बांटने की राजनीति के खिलाफ खड़ी रही है. साल 2023 की हिंसा से ये बात साफ हो रहा है कि भाजपा सरकार मेवात के साथ भेदभाव कर रही है."

विकास और रोजगार का वादा: अभय चौटाला ने रैली में मेवात के विकास को लेकर पार्टी की प्राथमिकताएं भी गिनाईं. उन्होंने कहा कि, "इनेलो की सरकार बनी तो मेवात के विकास को गति दी जाएगी, किसानों के हितों की रक्षा होगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे."

इनेलो की वापसी का दावा: बड़ी भीड़ को देखते हुए अभय चौटाला ने पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि, "आज की रैली ने साबित कर दिया है कि इनेलो का कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ मैदान में है. आने वाले समय में पार्टी हरियाणा में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करेगी."

जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री भी पहुंचे: कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र कुमार चौधरी ने भी शिरकत की. उनकी मौजूदगी ने आयोजन को और राजनीतिक महत्व दिया. मंच से देवीलाल के राजनीतिक जीवन और किसान हितों के लिए किए गए कार्यों को याद किया गया. रैली के दौरान अहीरवाल क्षेत्र के पूर्व विधायक रघु यादव ने इनेलो में शामिल होने की घोषणा की. पार्टी नेताओं ने इसे संगठन के लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम बताया. रैली के समापन तक समर्थकों में उत्साह बना रहा.