झज्जर: रेल इंजन की चपेट में आने से सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी की दर्दनाक मौत
झज्जर के गांव बाबरा के पास रेल इंजन की चपेट में आने से 70 वर्षीय सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी ईश्वर सिंह की मौत। खेत जाते समय हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी।
झज्जर : झज्जर जिले के गांव बाबरा के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत्त 70 वर्षीय कर्मचारी ईश्वर सिंह की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ईश्वर सिंह पुत्र मनोहरलाल,निवासी गांव बाबरा,जिला झज्जर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह सुबह अपने खेत की ओर जा रहे थे,तभी रेलगाड़ी के पावर इंजन की चपेट में आ गए,जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार,ईश्वर सिंह हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत्त होने के बाद खेती-बाड़ी का कार्य कर रहे थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। हादसे के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मामले की जांच कर रहे रेलवे पुलिस के एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि बाबरा गांव के पास रेल इंजन की चपेट में आने से 70 वर्षीय किसान की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। फिलहाल रेलवे पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।