{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Abhay Chautala Jind News: 27 सितंबर को नूंह में मनेगी चौधरी देवीलाल की जयंती, बीजेपी-कांग्रेस को नहीं मिलेगा न्योता

जींद में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभय चौटाला ने भूपेंद्र हुड्डा और बीजेपी पर निशाना साधा। नूंह में मनेगी देवीलाल जयंती।
 

जींद: इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने शुक्रवार को जींद में कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने भूपेंद्र हुड्डा और बीजेपी पर निशाना साधा. 27 सितंबर को चौधरी देवीलाल की जयंती पर नूंह में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम को लेकर भी उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की और उनकी ड्यूटियां लगाई.

अभय चौटाला का भूपेंद्र हुड्डा को चैलेंज: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए अभय चौटाला ने कहा कि "जो चुनाव के दौरान इनेलो पर वोट काटू होने का झूठा आरोप लगाते थे, उनका असली चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है. हुड्डा खुद बीजेपी के साथ मिले हुए हैं और वोट बेचने का काम कर रहे हैं." भूपेंद्र हुड्डा के कानूनी नोटिस पर चैलेंज देते हुए उन्होंने कहा "मैं हुड्डा को चुनौती देता हूं कि वो मेरे सामने आएं, मैं जनता और मीडिया के सामने साबित कर दूंगा कि उन्होंने कहां और कैसे बीजेपी की मदद की है."

नूंह में आयोजित होगा चौधरी देवीलाल की जयंती समारोह: जींद में शुक्रवार को अभय चौटाला ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की. उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि "27 सितंबर को चौधरी देवीलाल की जयंती पर नूंह में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा. इसमें भाजपा व कांग्रेस के किसी भी नेता को आमंत्रित नहीं किया जाएगा. इसमें वहीं लोग शामिल होंगे, जो इन दलों से दूर हैं."

'पूर्व सीएम ओपी चौटाला को साजिश के तहत सजा करवाई': अभय सिंह चौटाला ने कहा कि "कांग्रेस ने एक सोची, समझी राजनीतिक साजिश के तहत झूठे गवाह खड़े करके पूर्व सीएम स्वर्गीय चौधरी ओपी चौटाला को सजा कराई थी. हमारी कानूनी टीम सभी दस्तावेजों का अध्ययन कर रही है और आवश्यकता पड़ने पर वो सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे.

अभय चौटाला का बीजेपी पर निशाना: अभय चौटाला ने कहा कि "राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है और नशा तस्करी बेकाबू है. पेट्रोल व डीजल से लेकर खाद्य, सीमेंट, लोहा और ईंटों तक के दाम आसमान छू रहे हैं. खाद की बोरी से पांच किलो वजन घटाकर दाम बढ़ा दिए गए हैं. अंबाला के घग्गर क्षेत्र की लो लाइंग जमीन को सरकार के चहेतों को ऊंचे दामों का खेल बनाकर सौंपा जा रहा है."