{"vars":{"id": "123258:4912"}}

जींद में कांग्रेस का हल्लाबोल: सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरे दिग्गज, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

जींद में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन। पेपर लीक, महंगाई और बेरोजगारी पर घेरा।

 

जींद: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जींद जिला मुख्यालय पर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन की खास बात ये रही कि कांग्रेस के विभिन्न गुटों से जुड़े नेता और कार्यकर्ता एक मंच पर एकजुट नजर आए. इस दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला.

राव नरेंद्र का बीजेपी पर निशाना: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा "प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है. हरियाणा के युवाओं को रोजगार देने के बजाय बाहरी राज्यों के युवाओं को नौकरियां दी जा रही हैं. नीट समेत कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं के पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है. सरकार की गलत नीतियों से परेशान कई बेरोजगार युवा आत्महत्या तक करने को मजबूर हैं. पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और सीएनजी के बढ़ते दामों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है."

'महंगाई से जनता परेशान': राव नरेंद्र ने कहा कि "हर वर्ग महंगाई से परेशान है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं की ओर ध्यान देने के बजाय केवल प्रचार में व्यस्त है. जींद में लोगों द्वारा बायो गैस प्लांट का विरोध किया जा रहा है, लेकिन सरकार और प्रशासन की इस तरफ कोई ध्यान नहीं है."

पीएम मोदी के विदेश दौरे पर कसा तंज: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्रा पर राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि "प्रधानमंत्री जनता को विदेश न जाने और सोना न खरीदने की सलाह देते हैं. जबकि स्वयं लगातार विदेश यात्राएं कर रहे हैं. देश और प्रदेश की जनता भाजपा के जनविरोधी चेहरे को पहचान चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी."

बीरेंद्र सिंह का बीजेपी पर निशाना: इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि "यदि कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता के मुद्दों पर संघर्ष करें, तो भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर किया जा सकता है." बता दें कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गोहाना रोड कोर्ट मोड़ पर विशाल धरना दिया और इसके उपरांत लघु सचिवालय तक प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा. प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक के खिलाफ रोष व्यक्त किया.