{"vars":{"id": "123258:4912"}}

'पेपर लीक करने वालों पर चले देशद्रोह का मुकदमा', डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा का बड़ा बयान

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने पेपर लीक रोकने के लिए बने नए कानून का स्वागत किया है। उन्होंने दोषियों पर देशद्रोह का मुकदमा चलाने और विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाए।

 

जींद: हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने पेपर लीक रोकने के लिए बनाए गए नए कानून का स्वागत करते हुए कहा कि, "यह फैसला पहले ही हो जाना चाहिए था. इस मामले में दोषियों पर देशद्रोह का मुकदमा भी चलना चाहिए. जंतर-मंतर पर हुए कार्यक्रम से कई बच्चों को नुकसान पहुंचा. अब जो बिल पास हुआ है, वह बेहतरीन बिल है."

विपक्ष की मंशा पर उठाए सवाल: डॉ. मिड्ढा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, "आज भी विपक्ष इस कानून का विरोध कर रहा है, जिससे उसकी मंशा स्पष्ट होती है. विपक्ष के शासनकाल में भी कई पेपर लीक हुए, लेकिन तब उन्होंने कोई ठोस कदम नहीं उठाया. बच्चों के हितों की अनदेखी की गई और कई गंभीर घटनाओं पर भी उचित कार्रवाई नहीं हुई."

देशविरोधी गतिविधियों पर सख्त टिप्पणी: डिप्टी स्पीकर ने कहा कि, "देश के खिलाफ नारे लगाने और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. जो लोग देश को तोड़ने की बात करते हैं और भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. ऐसे शरारती तत्वों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है."

"भारत के खिलाफ सोच रखने वालों को यहां रहने का अधिकार नहीं": डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा, "भारत कभी दुश्मनों की तलवारों से नहीं झुका. देश को सबसे ज्यादा नुकसान गद्दारों ने पहुंचाया. जिन लोगों का मन हिंदुस्तान में नहीं लगता, उन्हें यहां रहने का अधिकार नहीं होना चाहिए. भारत की एकता और अखंडता के खिलाफ किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."