{"vars":{"id": "123258:4912"}}

जींद: पुलिस-पशु चोर गिरोह में मुठभेड़, 3 आरोपी गिरफ्तार, 2 को लगी गोली

जींद में पशु चोरों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़। फायरिंग में दो पशु चोर घायल, गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार। हरियाणा और यूपी में दर्ज हैं डेढ़ दर्जन से अधिक मामले।

 

जींद: जिला में पशु पालकों के लिए सिर दर्द बन चुका पशु चोर गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया है. मुठभेड़ में दो पशु चोर गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जबकि एक पशु चोर भागते हुए गिर कर घायल हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

क्या बोले पुलिस अधिकारीः डीएसपी संजय कुमार ने रविवार को पत्रकारों को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि "गांव बिशनपुरा में डिटेक्टिव स्टाफ गश्त कर रहे थे. तभी सूचना मिली कि कुछ लोग गाड़ी में पशुओं को भर कर चोरी कर ले जा रहे हैं. सूचना के आधार पर डिटेक्टिव स्टाफ ने पशु चोरों की गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया. तभी पशु चोरों ने पुलिस को अपने पीछे आता देख फायर कर दिया, जिसके जवाब में पीछा कर रहे डिटेक्टिव स्टाफ ने भी पशु चोरों पर फायर किए."

हरियाणा और यूपी में दर्ज हैं दर्जनों मामलेः पुलिस फायरिंग में गांव अकबरपुर सुनहेटी, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) निवासी फुरकन उर्फ मिर्ची और गांव बढ़ेड, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) निवासी कामिल गोली लगने से घायल हो गए. जबकि तीसरा आरोपी कैराना जिला शामली (उत्तर प्रदेश) निवासी सोहेल भागते हुए गिर गया और उसकी टांग टूट गई. पुलिस ने तीनों को काबू कर घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि पशु चोरों पर उत्तर प्रदेश और हरियाणा में अलग-अलग थानों में डेढ़ दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं.