Swine Flu Outbreak in Haryana: जींद जिले में स्वाइन फ्लू के कुल 13 मामले पहुंचे, बच्चे की मौत के कारणों की जांच जारी
जींद: जींद जिले में स्वाइन फ्लू के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है. दरअसल, जिले के डाहोला गांव निवासी 33 वर्षीय सरकारी कर्मचारी की पीजीआईएमएस रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई. जांच में उसकी मौत स्वाइन फ्लू से होने की पुष्टि हुई है. वहीं, दो नए संक्रमित मिलने के बाद जिले में कुल मरीजों की संख्या 13 हो गई है.
दो नए मरीज मिले: स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बड़ौदी गांव निवासी 82 वर्षीय बुजुर्ग और जींद शहर के वार्ड-27 निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति स्वाइन फ्लू से संक्रमित मिले हैं. दोनों मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति पर विभाग निगरानी रख रहा है. नए मामलों के सामने आने के बाद संबंधित क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ाई गई है.
परिजनों की होगी जांच: वहीं, 33 साल के कर्मचारी की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसके परिवार और आसपास के लोगों की जांच कराने की तैयारी शुरू कर दी है. टीमों को सर्दी, खांसी, जुकाम या बुखार जैसे लक्षण वाले लोगों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं. जरूरत पड़ने पर संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए जाएंगे.
8 वर्षीय बच्चे की मौत की जांच: इसके अलावा नरवाना क्षेत्र में 8 वर्षीय बच्चे की मौत का मामला भी स्वास्थ्य विभाग के सामने आया है. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चे की मौत स्वाइन फ्लू से हुई है या किसी अन्य कारण से. विभाग बच्चे के इलाज से जुड़े दस्तावेज और सैंपल की जांच करा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा.
रोहतक भेजे जा रहे सैंपल: स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सकों को स्वाइन फ्लू की गाइडलाइन के अनुसार संदिग्ध मरीजों की जांच करने के निर्देश दिए हैं. संदिग्ध मरीजों के सैंपल प्रतिदिन जांच के लिए पीजीआईएमएस रोहतक भेजे जा रहे हैं. नागरिक अस्पताल में संक्रमित मरीजों के लिए अलग वार्ड भी बनाया गया है.
डेंगू के साथ स्वाइन फ्लू पर नजर: स्वास्थ्य विभाग डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों के साथ स्वाइन फ्लू के मामलों पर भी निगरानी रख रहा है. स्वास्थ्य टीमें लोगों को संक्रमण से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक कर रही हैं. अधिकारियों ने लक्षण दिखने पर समय पर चिकित्सकीय जांच कराने की अपील की है.
जिले में कुल 13 मामले: इस बारे में नागरिक अस्पताल के डिप्टी सीएमओ डॉ. विजेंद्र ढांडा ने कहा कि, "जिले में 33 वर्षीय व्यक्ति की मौत स्वाइन फ्लू से हुई है. नरवाना के 8 वर्षीय बच्चे की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. उसके उपचार संबंधी दस्तावेज और सैंपल की जांच करवाई जा रही है. जिले में स्वाइन फ्लू के 13 मामले सामने आ चुके हैं और विभाग सभी संक्रमितों की निगरानी कर रहा है."