{"vars":{"id": "123258:4912"}}

7 एकड़ दान की जमीन के विवाद में बेनतीजा रही 7 गांवों की पंचायत, अब 35 गांवों में जाएगा मामला

जूई कलां में दान की गई हवेली और 7 एकड़ खेती की जमीन के विवाद को लेकर 7 गांवों की पंचायत बेनतीजा रही। अब यह मामला खंड कैरू के 35 गांवों की पंचायत के समक्ष रखा जाएगा।

 

जूई कलां। बनियों की दान की गई हवेली और सात एकड़ खेती की जमीन के विवाद को लेकर रविवार को जूई कलां में सात गांवों की पंचायत हुई लेकिन दोनों पक्षों के दावों पर चर्चा के बाद भी कोई सर्वसम्मत समाधान नहीं निकल सका। दूसरे पक्ष के पंचायत में उपस्थित नहीं होने के कारण मामला लंबित रह गया।

अब इस विवाद को खंड कैरू के 35 गांवों की पंचायत के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया है। पंचायत में जूई खुर्द, जूई बिचली, जूई कलां, पोहकरवास, बाबरवास, चंदावास और कैरू के सरपंचों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। पंचायत की अध्यक्षता पूर्व सरपंच राजपाल रापड़िया ने की जबकि संचालन सुमित बराड़ ने किया।

पंचायत में मेवा देवी ने आरोप लगाया कि बनियों द्वारा दान की गई हवेली और सात एकड़ खेती की जमीन पर पूर्व सरपंच के परिवार ने कब्जा कर रखा है। उन्होंने पंचायत से न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि किसी भी निर्धन परिवार के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और मामले का निष्पक्ष समाधान जरूरी है। इस अवसर पर राजपाल लाम्बा, होशियार सिंह भांबू, बृजेश पंवार, राजेश भांबू, मनोज नंबरदार, अनिल सिंधु, रोशन लाम्बा, मोहित सहित सातों गांवों के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

11 सदस्यीय कमेटी ने पूर्व सरपंच परिवार से की बातचीत
दूसरे पक्ष के पंचायत में नहीं पहुंचने के बाद रमेश गिल और सुरेश शर्मा की अगुवाई में 11 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। कमेटी ने पूर्व सरपंच के घर पहुंचकर पंचायत का प्रस्ताव रखा। बातचीत के दौरान पूर्व सरपंच परिवार ने शर्मा परिवार की ओर से दर्ज मुकदमा वापस लेने और हवेली पर मकान निर्माण को लेकर सहमति जताई लेकिन सात एकड़ खेती की जमीन देने से इन्कार कर दिया।

सात एकड़ जमीन की गिरदावरी हमारे नाम है : रणबीर मलिक
जूई कलां के पूर्व सरपंच रणबीर मलिक ने कहा कि शर्मा परिवार बेवजह विवाद खड़ा कर रहा है। सात एकड़ जमीन की गिरदावरी उनके नाम दर्ज है। यदि किसी को आपत्ति है तो वह कानूनी प्रक्रिया अपना सकता है। उन्होंने कहा कि वह भी कानूनी तरीके से अपना पक्ष रखेंगे। उनका कहना था कि पंचायत के माध्यम से उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।

अब 35 गांवों की पंचायत में रखा जाएगा मामला : पवन रापड़िया
जूई कलां के सरपंच पवन रापड़िया ने कहा कि रविवार की पंचायत में कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया। पीड़ित शर्मा परिवार का कहना है कि बनियों द्वारा दान की गई सात एकड़ जमीन उन्हें मिलनी चाहिए जबकि दूसरे पक्ष ने जमीन छोड़ने से इन्कार कर दिया है। अब मामला खंड कैरू के 35 गांवों की पंचायत के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जूई कलां पंचायत पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग देगी।