{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Jui Khurd & Jui Bichli News: जूई में पंचायती जमीन विवाद पर भड़का गांव, रिकॉर्ड दुरुस्त होने के बाद होगी कार्रवाई

जूई खुर्द व जूई बिचली में श्मशान घाट और पंचायती जमीन पर अवैध कब्जे की जांच करने पहुंचे अधिकारी। राजस्व रिकॉर्ड में गड़बड़ी के चलते नहीं हो सकी पैमाइश।

 

जूई। जूई खुर्द और जूई बिचली की पंचायती भूमि तथा श्मशान घाट पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत की जांच करने पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों को राजस्व रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने के कारण पैमाइश किए बिना लौटना पड़ा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रिकॉर्ड दुरुस्त होने के बाद ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शिकायत के आधार पर बुधवार को डीडीपीओ सोमबीर कादयान, तहसीलदार जगबीर सिंह, कानूनगो श्रीप्रकाश, पटवारी कृष्ण कुमार और पंचायत सचिव नवीन कुमार मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पंचायत भूमि और पंचायत के कुएं की जमीन पर कुछ परिवारों ने अवैध निर्माण कर कब्जा कर रखा है। उन्होंने पैमाइश कराकर कब्जा हटाने की मांग की।

मौके पर डीडीपीओ ने पटवारी से श्मशान घाट की भूमि का राजस्व रिकॉर्ड मांगा। पटवारी ने फर्द तो प्रस्तुत की लेकिन मुसावी और फील्ड बुक उपलब्ध नहीं करा सका। इसके बाद सजरा देखने पर श्मशान घाट की अधिकांश भूमि दूसरी जगह अंकित मिली जिस पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। तहसीलदार ने उपलब्ध रिकॉर्ड में विसंगति के चलते तत्काल पैमाइश कराने में असमर्थता जताई।

इसके बाद शिकायतकर्ताओं ने पंचायत के कुएं की करीब 10 बिस्वा भूमि की पैमाइश कराने का अनुरोध किया लेकिन यह भूमि तीन अलग-अलग खेवटों में दर्ज होने के कारण मौके पर कार्रवाई संभव नहीं हो सकी। जूई बिचली की सरपंच सुषमा देवी और ग्रामीणों ने कहा कि राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्त होने के बाद ही पंचायत भूमि से जुड़े विवादों का निष्पक्ष समाधान संभव है। उन्होंने प्रशासन से रिकॉर्ड शीघ्र ठीक कराने की मांग की।


रिकॉर्ड में दस्तावेज पूरे नहीं मिले
श्मशान घाट की भूमि से संबंधित रिकॉर्ड में आवश्यक दस्तावेज पूरे नहीं मिले। पटवारी फर्द तो प्रस्तुत कर सका लेकिन मुसावी और फील्ड बुक उपलब्ध नहीं थी। वहीं सजरा में श्मशान घाट की अधिकांश भूमि दूसरी जगह अंकित मिली। पंचायत के कुएं की लगभग 10 बिस्वा भूमि तीन अलग-अलग खेवटों में दर्ज होने के कारण उसकी भी मौके पर पैमाइश संभव नहीं हो सकी।

जूई बिचली और जूई खुर्द की पंचायत भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। उपलब्ध राजस्व रिकॉर्ड में गड़बड़ी और आवश्यक दस्तावेजों के अभाव के कारण पैमाइश नहीं हो सकी। पहले रिकॉर्ड को दुरुस्त किया जाएगा उसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जूई खुर्द और जूई बिचली में चकबंदी का कार्य प्रगति पर है। चकबंदी पूर्ण होने के बाद इस प्रकार के भूमि विवादों का स्थायी समाधान संभव होगा। जूई खुर्द के सरपंच प्रतिनिधि को बंद पड़े चकबंदी कार्य को जल्द शुरू करवाने के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए।