जुलाना: वेल्डिंग दुकान से ₹1.10 लाख की चोरी का खुलासा; 'बकरा' गिरफ्तार
जुलाना पुलिस ने वेल्डिंग दुकान में हुई ₹1.10 लाख की चोरी की गुत्थी सुलझाई। आरोपी विक्रम उर्फ बकरा गिरफ्तार, ₹57,000 नकद और मोबाइल बरामद। जानें पूरी खबर।
जुलाना : जुलाना पुलिस ने एक वैल्डिंग की दुकान से 1.10 लाख की चोरी करने की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को चोरी की रकम में से 57,000 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन व अन्य सामान सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है ।
जुलाना मंडी चौकी इन्चार्ज अजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता अनिल वासी करसोला ने 17 मई को पुलिस चौकी मंडी जुलाना में शिकायत दी थी कि उसकी वेल्डिंग की दुकान है जो जुलाना से जींद रोड पर पावर हाउस के पास स्थित है, जहां से अज्ञात व्यक्ति द्वारा गल्ला तोड़कर करीब 1 लाख 10 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली गई।
शिकायत के आधार पर थाना जुलाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर आरोपी विक्रम उर्फ बकरा वासी गांव गतौली को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट रेवाड़ी से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने अब आरोपी की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 57 हजार रुपये नकद व दो मोबाइल फोन तथा अन्य सामान बरामद किया। आरोपी को आज रविवार माननीय अदालत में पेश कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।