Haryana Police Encounter Kaithal: बाता-चौसाला रोड पर पुलिस और बदमाश में मुठभेड़, अवैध पिस्टल के साथ आरोपी गिरफ्तार
कैथल के पूंडरी व बाता में चोरी के मामलों में वांछित आरोपी राहुल उर्फ बच्ची को सीआईए कलायत ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है।
कैथल: कैथल जिले के पूंडरी और बाता क्षेत्र में चोरी की कई वारदातों में वांछित आरोपी को सीआईए कलायत की टीम ने पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल कैथल में भर्ती कराया गया है.
रात में मिली आरोपी की सूचना: इस पूरे मामले में डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि, "सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की टीम रात्री गश्त पर थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि टोहाना निवासी एक आरोपी अवैध पिस्टल लेकर बाता-चौसाला रोड पर मौजूद है और चोरी के मामलों में वांछित है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रात करीब एक बजे मौके पर दबिश दी."
पुलिस को देखते ही भागा: डीएसपी सुशील प्रकाश ने आगे कहा कि, "पुलिस टीम ने संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने भागने की कोशिश की. आरोपी ने अपने पास मौजूद अवैध पिस्टल से पुलिस पार्टी की ओर फायरिंग कर दी. पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी और हवाई फायर किए."
दोबारा फायरिंग पर जवाबी कार्रवाई: पुलिस के मुताबिक चेतावनी के बावजूद आरोपी ने दोबारा फायरिंग की. इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा और आरोपी को काबू करने के उद्देश्य से नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान आरोपी की बाईं टांग में गोली लगी और वह मौके पर गिर गया. पुलिस ने तत्काल उसे काबू कर लिया.
पिस्टल और कारतूस बरामद: घायल आरोपी की पहचान टोहाना निवासी राहुल उर्फ बच्ची के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया है. आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज कर लिया गया है.
आगे की जांच जारी: डीएसपी सुशील प्रकाश ने कहा कि, "आरोपी पूंडरी और बाता क्षेत्र में हुई चोरी की वारदातों में वांछित था. बरामद हथियार और चोरी के मामलों को लेकर आगामी जांच की जा रही है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उससे जुड़ी अन्य वारदातों और संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है."